19 ने कोरोना को दी मात, स्वस्थ होकर पहुंचे घर
जागरण संवाददाता मीरजापुर कोरोना से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 39वीं वाहिनी पीएसी का
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : कोरोना से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 39वीं वाहिनी पीएसी का एक जवान सहित नौ लोग गुरुवार को कोरोना संक्रमित पाए गए। इनको आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। परिवार को क्वारंटाइन करके सैंपल लिया जा रहा है। 1548 संदिग्धों का सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया। 19 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर वार्ड से छोड़ दिया गया।
चुनार के दरगाह शरीफ निवासी 75 साल की वृद्ध महिला पिछले एक सप्ताह से बीमार चल थी। हालत में सुधार न होने पर उन्हें बीएचयू में भर्ती कराया गया। वह शूगर आदि की रोगी थीं। 19 अक्तूबर को कोरोना की जांच कराई तो रिपोर्ट पाजिटिव आई। इसके बाद उन्हें कोरोना वार्ड में शिफ्ट किया गया। 21 अक्तूबर की शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। पाजिटिव पाए गए लोगों में जमुआ बाजार कछवां के एक पुरुष, नारघाट के एक पुरुष,एक महिला, बरडीहा लालगंज के एक पुरुष, कोलाही विजयपुर की एक महिला, अतरैला विजयपुर के एक पुरुष, एक महिला, 39वीं वाहिनी पीएसी के एक जवान, विक्सी जमालपुर के एक व्यक्ति शामिल है। 19 लोगों ने कोरोना को हराया
एक सप्ताह से कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद आइसोलेशन वार्ड में भर्ती चल रहे 19 संक्रमितों की रिपोर्ट गुरुवार को निगेटिव आई। इसके बाद इन सभी को वार्ड से छुट्टी दे दी गई। ठीक हुए लोगों में डीबीएल डगमगपुर के पांच मजदूर, डगमगपुर पड़री के एक पुरुष, 39वीं वाहिनी पीएसी के तीन जवान, पांडेयपुर विजयपुर के एक पुरुष, पीएचसी विजयपुर के एक स्वास्थ्य कर्मी, अल्हुआ अहरौरा के एक पुरुष शामिल है। दुमदुमा चुनार के एक पुरुष, एक महिला, भुईली खास जमालपुर के एक पुरुष, लूसा राजगढ़ के एक पुरुष, एक महिला, तिलठी चील्ह की एक महिला व एक अन्य जनपद की महिला भी स्वस्थ हुई हैं। 2797 पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या
जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2797 पहुंच गई। इसमें 2583 लोग ठीक हो चुके हैं। 35 की अबतक कोरोना से मौत हुई है। वर्तमान समय में 179 केस एक्टिव है। वहीं एक लाख 44 हजार 859 के सैंपल लेकर अबतक जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इसमें एक लाख 42 हजार 277 लोगों की रिपोर्ट आ चुकी है। शेष 2582 की रिपोर्ट आना बाकी है।