विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वरिष्ठ जेल अधीक्षक का एआइ से बनाया वीडियो, ब्लैकमेलिंग का प्रयास... यूट्यूबर के खिलाफ मामला दर्ज

By Lokesh Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 01 Nov 2026 03:26 PM (IST)

मेरठ में एक यूट्यूबर ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक का एआई-जनरेटेड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया। जेलर की शिकायत ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. वरिष्ठ जेल अधीक्षक का एआई जनरेटेड वीडियो प्रसारित किया।

  2. यूट्यूबर ने वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल कर रुपये मांगे।

  3. आरोपी यूट्यूबर अरुण कुमार मिश्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज।

जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह जिला कारागार अधिकारियों के एआइ जनरेटेड वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर एक यूट्यूबर ने रुपये की मांग की। आरोपित वीडियो के आधार पर जेल के वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारी व मानवाधिकार आयोग को शिकायत कर दबाव बना ब्लैकमेलिंग का प्रयास कर रहा था। थाना मेडिकल पर जेलर मनीष कुमार ने यूट्यूबर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

थाना मेडिकल पर दर्ज रिपोर्ट में जेलर मनीष कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपित गंगानगर बी-ब्लाक निवासी अरुण कुमार मिश्र एसजेडएन मीडिया के नाम से यूट्यूब चैनल चलाता है। उसने 29 अक्टूबर रात 10.22 बजे एक वीडियो अपने चैनल, इंटरनेट व विभिन्न वाट्सएप ग्रुप पर प्रसारित किया, जिसमें वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा का फोटो लगाया गया था। यह वीडियो कई साल पुराना है तथा इसमें एआइ से बदलाव किया गया है।

जेलर का आरोप है कि अरुण कुमार मिश्रा जिला जेल मेरठ के अलावा गाजियाबाद, लखनऊ, सुल्तानपुर, जौनपुर में विभिन्न तिथियों में बंद रहा है। उसका आपराधिक इतिहास है। वह खुद को बड़ा प्रशासनिक अधिकारी बताकर रौब गालिब कर, इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक व एआइ जनरेटेड वीडियो डालकर दबाव बनाता है और रुपये की मांग करता है। अधिकारियों पर जेल में मुलाकात कराने का दबाव बनाता है।

मेरठ जिला कारागार के जेल अधीक्षक की तस्वीर का उसने गलत तरीके से इस्तेमाल किया है। वीडियो को यूट्यूब समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड कर जेल व अधिकारियों की छवि बिगाड़ी जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच की गई तो वीडियो प्रथम दृष्टया कई वर्ष पुराना व एआइ से बदलाव किया पाया गया। थाना मेडिकल पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जेल अधिकारियों की छवि खराब की जा रही
एआइ वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर उसे अपलोड कर जेल अधिकारियों की छवि खराब की जा रही थी। आरोपित ब्लैकमेलिंग का प्रयास कर रहा था। मामले की जांच कर शिकायत की गई है। अन्य जरूरी कार्रवाई की जा रही है।-डा. वीरेश राज शर्मा, वरिष्ठ जेल अधीक्षक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।