'प्रभाकर चौधरी का तबादला न रुका तो मैं जान दे दूंगा,' कहने वाले का घंटों बाद पता लगा सकी मेरठ पुलिस
2010 बैंच के आइपीएस प्रभाकर चौधरी का शासन ने तबादला कर दिया है। तबादले की जानकारी मिलने के बाद एक युवक ने कंट्रोल रूम को फोन कर कहा कि प्रभाकर चौधरी का तबादला न रुका तो वह जान दे देगा।
मेरठ, जागरण संवाददाता। ...हेलो, कंट्रोल रूम। एसएसपी प्रभाकर चौधरी गरीबों के मसीहा हैं। उनका तबादला न रुका तो मैं जान दे दूंगा। इतना सुनते ही पुलिसकर्मी चौंक गए। तुरंत ही पीआरवी और थाना पुलिस को जानकारी दी गई। घंटों की जद्दोजहद के बाद फोन करने वाले व्यक्ति का पता चल सका।
लालकुर्ती थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि रविवार सुबह कंट्रोल रूम में एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने कहा कि एसएसपी प्रभाकर चौधरी ईमानदार अधिकारी हैं। थानों में लोगों को इंसाफ मिल रहा है। उनका स्थानांतरण नहीं रुका तो वह जान दे देगा। किसी भी कीमत पर वह उनको जाने नहीं देगा। इंस्पेक्टर ने अमुक नंबर पर काल की तो युवक ने अपना नाम शान निवासी बेगमपुल बताया। युवक की मोबाइल के जरिये लोकेशन निकाली गई। इंचौली गांव निवासी शान मोहम्मद का पता चला। पुलिस उसके पास पहुंच गई। उसने बताया कि कुछ समय पहले पारिवारिक विवाद के सिलसिले में कप्तान से मुलाकात की थी। उन्होंने तुरंत ही समाधान कर दिया था। भावुकता में आकर उसने फोन कर दिया था।
सोमवार को चार्ज ग्रहण करेंगे एसएसपी रोहित सिंह
मेरठ के नए एसएसपी रोहित सिंह मूलरूप से नई टिहरी जिले के चाका किराड़ा के रहने वाले हैं। उनके पिता राजेंद्र सिंह सजवान उत्तराखंड के नई टिहरी जिले में उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं। तीन भाइयों में सबसे बड़े रोहित सिंह की स्कूली शिक्षा नैनीताल के सरस्वती विहार स्कूल में हुई। उन्होंने 2009 में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन शाखा से 2009 में बीटेक किया। इसके बाद उनका परमाणु ऊर्जा आयोग के अधीन भाभा एटामिक रिसर्च सेंटर में चयन हुआ था। वह ग्रुप ए वैज्ञानिक रहे हैं। बाद में वह पुलिस सेवा में आ गए। हाल ही में उत्तराखंड के बसुंगा की रहने वाली एमबीबीएस एमडी डाक्टर अदिति से उनकी शादी हुई है। रोहित सिंह ने बताया कि सोमवार को वह चार्ज ग्रहण करेंगे। उनका मुख्य उददेश्य भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाना है। महाराज गंज से बतौर कप्तान उनकी तैनाती हुई थी। उसके बाद बरेली और तीसरा जनपद मेरठ है। गोरखपुर और लखनऊ एवं मुरादाबाद एसपी के पदों पर रह चुके हैं।