'हम भी तैयार हैं' कमेंट से शुरू हुआ पाकिस्तान से कनेक्शन, कट्टरपंथी मॉड्यूल संचालित करने लगा 22 साल का उजेद उर्फ जुबेर
जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर हमले की साजिश के आराेप में मेरठ निवासी जुबैर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्राथमिक जांच में यह पुलिस को यह जानकारी मिली है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से किशोरों को जिहाद और आतंकवादी गतिविधियों के लिए प्रेरित कर रहा था।

पुलिस गिरफ्त में उजैद उर्फ जुबेर। मामले के बारे में जानकारी देते एसएसपी मेरठ और अन्य अधिकारी। जागरण
HighLights
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट व जम्मू-कश्मीर के संदिग्धों के संपर्क में था उजैद।
मेरठ निवासी उजैद उर्फ जुबेर पर किशोरों को जिहाद के लिए उकसाने का आरोप, आर्मी कैंप पर हमले की थी योजना।
जागरण संवाददाता, मेरठ। सोशल मीडिया पर भारत विरोधी सामग्री देखने और एक वीडियो में 'हम भी तैयार हैं' कमेंट करने से शुरू हुआ संपर्क कथित तौर पर आतंकी नेटवर्क तक पहुंच गया। पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (POK) से जुड़े संदिग्धों के संपर्क में रहकर मेरठ का 22 साल का युवक उजैद उर्फ जुबेर ऑनलाइन कट्टरपंथी मॉड्यूल संचालित करने लगा।
पुलिस की प्राथमिक जांच में यह पर्दाफाश हुआ है कि वह इंस्टाग्राम, सेशन और सिग्नल जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से किशोरों को जिहाद और आतंकवादी गतिविधियों के लिए प्रेरित कर रहा था।
नवंबर 2025 में आर्मी के बड़े कैंप या सैन्य काफिले पर फिदायीन हमले की साजिश में भी उसकी भूमिका सामने आई है। इस मामले में कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उजैद को गिरफ्तार किया है।
यह है मामला
जम्मू-कश्मीर के थाना बाहु फोर्ट में 24 नवंबर 2025 को मुकदमा संख्या 331/2025 धारा 113(3) बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह नेटवर्क सामने आया। जांच में जम्मू के रियासी निवासी मोहम्मद साजिद का पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में रहना और सोशल मीडिया के माध्यम से कथित आतंकी गतिविधियों से जुड़े ग्रुप संचालित करना प्रकाश में आया। इसी दौरान चार संदिग्ध इंस्टाग्राम आइडी की जानकारी मिली। इनमें एक आइडी मेरठ, दूसरी किश्तवाड़ और दो पाकिस्तान से संबंधित थीं।
मेरठ की आइडी के संचालक की तलाश में जम्मू पुलिस ने मेरठ पुलिस के सहयोग से 18 जनवरी और 21 फरवरी 2026 को दबिश दी थी। हालांकि उजैद उर्फ जुबेर फरार चल रहा था। इसके बाद एसएसपी मेरठ एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मंगलवार को कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर बनियापाड़ा निवासी उजैद को गिरफ्तार कर लिया।
किशोरों को जोड़कर तैयार कर रहा था नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में उजैद ने बताया कि वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भारत विरोधी सामग्री देखता था। पाकिस्तानी आतंकी मसूद अजहर, तारिक मसूद और डॉ. इसरार अहमद के वीडियो भी देखता था। ऐसे ही एक वीडियो पर कमेंट करने के बाद जम्मू निवासी मोहम्मद साजिद उसके संपर्क में आया।
आरोप है कि इसके बाद वह भड़काऊ आडियो प्राप्त कर किशोरों को भेजता था। इन आडियो के माध्यम से 14 वर्ष से अधिक उम्र के किशोरों को जिहाद और आतंकवादी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाता था। आडियो भेजने के बाद उन्हें डिलीट कर दिया जाता था।
'ट्यूशन-40' और 'ब्रिगेड' ग्रुप से जुड़ा था नेटवर्क
जांच में इंस्टाग्राम और सेशन एप पर 'Tuition-40' और 'Brigade' नाम से ग्रुप बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें पीओके निवासी अमीर हमजा, पाकिस्तान के पंजाब निवासी अबू मुसाब, फुरकान, कामरान और अन्य संदिग्ध शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, इन ग्रुपों के संचालन में उजैद की मुख्य भूमिका थी। वह मोहम्मद साजिद के संपर्क में रहने के लिए इंस्टाग्राम, सेशन और सिग्नल एप का इस्तेमाल करता था।
इसके अलावा इंस्टाग्राम पर 'Al-Muzzahid' नाम से एक अन्य ग्रुप भी मिला, जिसमें उजैद, साजिद, अमीर हमजा और अबू मुसाब शामिल थे। एक व्हाट्सएप ग्रुप के तार भी कथित तौर पर मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस जांच में पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया अकाउंट से भी इन संदिग्ध गतिविधियों के संबंध की जानकारी मिली है।
आर्मी कैंप पर फिदायीन हमले की थी साजिश
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में नवंबर 2025 में आर्मी के किसी बड़े कैंप या सैन्य काफिले पर फिदायीन हमला करने की योजना का भी खुलासा हुआ है। इसमें मोहम्मद साजिद को रेकी की जिम्मेदारी दी गई थी। उजैद को हथियार और एक्सप्लोसिव जैकेट उपलब्ध कराकर हमले को अंजाम देना था। इसके लिए गुरेज वैली के रास्ते हथियार, विस्फोटक सामग्री और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की बात सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि उजैद वर्ष 2023 से विभिन्न जमातों में भी जाता रहा है। राजनीतिक नेतृत्व, सेना और पुलिसकर्मियों को आत्मघाती हमलों में निशाना बनाने संबंधी विचारों के प्रचार-प्रसार के आरोप भी हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।