मेरठ में घर से गन्ने का रस निकले गए युवक की मौत, हाईवे किनारे से बरामद हुआ शव
मेरठ में घर से दौराला बाजार में गन्ने का रस लेने निकले युवक का शव हाईवे किनारे से बरामद हुआ है। शव के पास ही उसकी स्कूटी पड़ी हुई थी। हादसे का पता लगने पर स्वजन का रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने परिजनों को समझाया।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ में घर से दौराला बाजार में गन्ने का रस लेने निकले युवक का शव हाईवे किनारे से बरामद हुआ है। शव के पास ही उसकी स्कूटी पड़ी हुई थी। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव मोर्चरी पहुंचाया। वहीं आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव हाईवे किनारे फेंका गया है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं की जांच पड़ताल में जुटी है।
गन्ने का रस लेने को स्कूटी से निकला था
दौराला थाना क्षेत्र में गांव नंगली साधारण निवासी 30 वर्षीय रोहित कुमार पुत्र सरदार सिंह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। बताया जाता है कि शुक्रवार शाम रोहित अपने घर से दौराला बाजार में गन्ने का रस लेने को स्कूटी से निकला था। उसके बाद से रोहित वापस नहीं लौटा। देर शाम से परिजन रोहित की तलाश में जुटे थे। शुक्रवार रात राहगीरों की सूचना पर पुलिस हाईवे स्थित रूहासा गांव के पास पहुंची, जहां हाईवे किनारे युवक का शव पड़ा हुआ था। पास ही स्कूटी भी गिरी हुई थी। इस बीच परिजन भी रोहित को तलाश करते हुए रूहासा के पास पहुंचे। पुलिस ने शव की शिनाख्त करने को कहा। शव को देख परिजनों के होश उड़ गए। बरामद शव की पहचान रोहित के रूप में हुई। स्वजन का रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने परिजनों को समझाया।
शरीर पर चोट के निशान, मगर स्कूटी में एक भी स्क्रैच नहीं
घटनास्थल को देखने के बाद मृतक रोहित की पीठ, हाथ, पैर, घुटनों पर घिसटने के निशान थे। जबकि उसकी स्कूटी में टक्कर तो दूर एक भी स्क्रैच का निशान नहीं था। घटनास्थल के तारों को जोड़कर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव फेंका गया है।
इनका कहना है
युवक का शव हाईवे किनारे से बरामद हुआ है। शरीर पर चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों से सभी बिंदुओं पर बातचीत हो रही है।
- किरण पाल सिंह, इंस्पेक्टर-दौराला।