मेरठ, जागरण संवाददाता: महिला थाने के सामने मंगलवार दोपहर दो पक्षों में मारपीट हो गई। महिलाएं भी एक-दूसरे से भिड़ गईं। सड़क पर अफरा-तफरी मच गई, जिससे जाम की स्थिति बन गई। एक पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा भी कर दिया। सिविल लाइंस और महिला थाने की पुलिस ने मामला शांत कराया। हालांकि किसी भी पक्ष ने पुलिस से शिकायत नहीं की है।

रोहटा थाना क्षेत्र निवासी युवक शहर में रहकर नौकरी करता है। उसका एक महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। युवक को झांसे में लेकर महिला ने उसका रिश्ता अपनी बेटी से तय कर दिया। इसकी जानकारी जब युवक के स्वजन को लगी थी, तो उन्होंने विरोध किया था।

महिलाओं में जमकर हुई हाथापाई

मंगलवार को युवक महिला की बेटी से कोर्ट मैरिज करने के लिए आया था। इसकी भनक युवक के स्वजन को लग गई। उन्होंने युवक, महिला और उसकी बेटी को महिला थाने के सामने पकड़ लिया, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। दोनों ओर की महिलाओं में भी हाथापाई शुरू हो गई। इसके चलते ही सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ

महिला थाने से पुलिसकर्मी पहुंचे, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद सिविल लाइंस से पुलिस आई और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ने बताया कि विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। मामला शांत करा दिया था। किसी भी पक्ष ने शिकायत नहीं की है।

Edited By: MOHAMMAD AQIB KHAN