सीएम योगी ने सैनिकों के सम्मान में की बड़ी घोषणाएं- वीरता पुरस्कार राशि दोगुनी, स्टांप शुल्क में 50 लाख तक छूट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में पूर्व सैनिक पुनर्मिलन कार्यक्रम में सैनिकों के लिए कई घोषणाएं कीं।

मेरठ के छावनी स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में पूर्व सैनिक पुनर्मिलन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ। जागरण
HighLights
वीरता पुरस्कारों की राशि अब दोगुनी की जाएगी।
घर बनाने पर स्टांप शुल्क में 50 लाख तक छूट।
बलिदानी के आश्रित को गृह जनपद में नौकरी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उस छावनी की धरा पर सैनिकों व उनके परिवार के सम्मान की जिम्मेदारी का संकल्प लिया जहां से 1857 में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम संघर्ष की ज्वाला धधकी थी। यहां पर उन्होंने सेना के योगदान और शौर्य को याद दिलाते हुए कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, सिर्फ वर्दी बदलती है। इस दौरान उन्होंने उस शासनकाल की घटनाओं पर दुख व्यक्त किया जब सैनिकों के साथ अपमानजनक हरकतें हुई थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सैनिकों व उनके स्वजनाें के सम्मान के लिए तीन घोषणाएं कर रहे हैं। पहला वीरता पुरस्कारों की राशि दोगुनी होगी, घर बनाने के लिए स्टांप शुल्क में छूट 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख किया जाएगा और बलिदानी के आश्रित को गृह जनपद या उसके आसपास नौकरी सुनिश्चित की जाएगी।
छावनी स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में पूर्व सैनिक पुनर्मिलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने संबोधन की शुरुआत वीर नारियाें, बलिदानियों, बाबा औघड़नाथ और कोतवाल धन सिंह गुर्जर को नमन करके की।
सेना के सेंट्रल कमांड को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं कि उन वीर सैनिकों, उन वीर नारियों को एक मंच पर लाकर वर्तमान पीढ़ी को सेना के प्रति आकर्षित करने की एक नई प्रेरणा इस प्रकार की रैली के माध्यम से दी है।
तालियाें की गड़गड़ाहट के बीच मुख्यमंत्री का संबोधन सुरक्षा और विकास की ओर बढ़ा, बोले कोई भी देश हो, कोई भी समाज हो वह सुरक्षित माहौल में ही अपनी गति को प्रगति में बदल सकता है। अगर सुरक्षा का माहौल न हो तो जो गति है उसको दुर्गति होने में देर नहीं लगती। सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, सैनिक की सिर्फ वर्दी बदलती है।
सेना से अवकाश लेने के बाद वह गांव और समाज का मार्गदर्शक बनता है। उत्तर प्रदेश वीरों की भूमि है। देश में हर वर्ष लगभग 60 हजार सैनिक सेवानिवृत्त होते हैं, जिसमें लगभग 12,000 अकेले उत्तर प्रदेश के होते हैं। इसी बीच उन्होंने संबोधन का रुख मेरठ की स्थिति की ओर किया।
कहा कि पिछली सरकार के समय मेरठ की पहचान वाहन चोरी,अवैध कटान, अवैध कट्टा और माफिया राज के लिए होने लगी थी। आज का मेरठ अब अपनी उस पुरातन पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को बताते हुए जब पुरानी घटनाओं का जिक्र करना शुरू किया तो पूर्व सैनिकों की आंखें नम हो गईं।
कहा कि यह उप्र का दुर्भाग्य कि उस कालखंड में वीर सैनिकों को प्रदेश में अपने सम्मान और सुरक्षा के लिए कभी संघर्ष करना पड़ता था। मुझे याद है 2016 में कारगिल युद्ध के पूर्व सैनिक गणेश कुमार शुक्ला के साथ अपमानजनक घटना घटित होती है। कारगिल योद्धा की एक राजनीतिक दल के नेता के समर्थकों ने इसलिए पीटा क्योंकि उन्होंने नेता को सलाम करने से इंकार कर दिया था।
उस समय की पुलिस ने अपमानित करते हुए उल्टे उन्हीं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दिया था। 2013 में एलओसी पर शहीद हुए लांसनायक हेमराज सिंह का शव जब उनके गांव पहुंचा तो शहीद के अंतिम संस्कार में प्रशासनिक व्यवस्था नदारद थी और परिवार और गांव के लोगों को अनशन पर बैठना पड़ा था। 2015 में मेरठ में लड़की को छेड़ने से रोकने पर इंजीनियरिंग ब्रिगेड से जुड़े 35 वर्षीय लांस नायक वेदमित्र चौधरी की हत्या कर दी गई थी।
फरवरी 2014 में इटावा में एक सेवारत फौजी के परिवार के साथ मारपीट हुई। यह सब इस वजह से हो रहा था क्योंकि देश की रक्षा और सैनिकों के प्रति सम्मान का भाव तत्कालीन हुकूमत के रहनुमाओं के मन में नहीं था, लेकिन जब देश में कोई आतंकी हमला हो जाता था तो यही लोग सरकार के डोजियर भेजकर अपना काम पूरा समझ लेते थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आतंकी हमला करने वालों की हेकड़ी निकाल दी गई है। आज एटीएस देवबंद से लेकर के सीमावर्ती जनपदों तक नए कमांड सेंटर स्थापित कर राष्ट्र विरोधी ताकतों, स्लीपर, सेल्स और घुसपैठियों की कमर को तोड़ रहा है।
उन्होंने शौर्यगाथा पुस्तक का विमोचन करते हुए कहा कि मैं चाहूंगा ये पुस्तक हमारे विद्यालयों और पुस्तकालयों तक पहुंचे। प्रदेश सरकार में सैनिक कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. सोमेंद्र तोमर ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने 27.50 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश के आठ जनपदों में नवनिर्मित सैनिक कल्याण कार्यालयों का लोकार्पण भी किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।