बागपत में दहेज की खातिर नवविवाहिता की हत्या, पति समेत चार पर मुकदमा
Woman murdered in Baghpat बागपत में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर दी गई। महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने पति समेत चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बागपत, जेएनएन। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के ग्राम बिलौचपुरा में नवविवाहिता का शव कमरे में छत के पंखे पर दुपट्टे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। स्वजनों ने दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाते हुए विवाहिता के पति समेत चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
यह है मामला
गाजियाबाद के निवाड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सारा निवासी 22 वर्षीय बेबी का निकाह करीब चार माह पूर्व युवक सामिर निवासी ग्राम बिलौचपुरा के साथ हुआ था। बुधवार सुबह बेबी का शव मकान की दूसरी मंजिल पर कमरे में पंखे पर लटका मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तथा बेबी के शव को कब्जे में लिया था। मृतका के भाई सादाब खान ने पुलिस को बताया कि बहन बेबी की शादी में दिए गए दहेज से ससुरालीजन खुश नहीं थे। शादी के आठ दिन बाद ही बेबी से चार पहियां गाड़ी, सोने के आभूषण की मांग करने लगे थे। अगस्त माह में बेबी के साथ मारपीट की गई थी। जिसके बाद बेबी व बड़ी बहन तरन्नुम घर पर आ गई थी। दस दिन पूर्व ही भाई के साथ दोनों बहन अपनी ससुराल आई थी। बेबी की मौत की जानकारी मिलने पर उसकी ससुराल पहुंचे तो बेबी का शव चारपाई पर मिला।
इन्होंने बताया
प्रभारी शिव प्रकाश सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर महिला बेबी के पति सामिर, सास फिरदौस, ससुर इमरान और देवर बाबू के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित अपने मकान से फरार है। केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
एक ही घर में हुआ था दो बहनों की शादी
बेबी की बड़ी बहन तरन्नुम का निकाह वर्ष 2016 में सामिर के बड़े भाई आमिर के साथ हुआ था।
बेबी से शाम को बातचीत करके गया था भाई
बेबी के भाई अयान खान ने बताया कि बेबी की ससुराल में मंगलवार को एक युवती की शादी थी। कार्यक्रम में बेबी शामिल हुई थी। देर शाम छोटा भाई बिलाल बेबी से बातचीत करके घर लौटा था।