सहारनपुर: पति को मृतक बता पत्नी ने बेच डाला मकान, थाने पहुंचकर बोला पति साहब! मैं जिंदा हूं
सहारनपुर के देवबंद में एक महिला ने अपने पति को मृत दर्शा फर्जी दस्तावेज तैयार करते हुए मकान बेच डाला। अब पीड़ित पति इंसाफ पाने को को पुलिस के चक्कर लगा रहा है। पुलिस भी पीड़ित की कहानी सुनकर हैरान है।
सहारनपुर, जेएनएन। सहारनपुर के देवबंद में एक ऐसा वाकया हुआ है, जो आपको आश्चर्य में डाल देगा। एक महिला ने मकान बेच दिया यह कहकर कि उसकी पति की मौत हो गई है। इस संबंध में उसने कई फर्जी दस्तावेज बनाए। जब इस बात की जानकारी महिला के पति को हुई तो पति पुलिस के पास पहुंचकर पूरी बात बताई। लेकिन अभी तक उसके समस्या का समाधान नहीं हुआ है। पीड़ित पति इंसाफ पाने को को पुलिस के चक्कर लगा रहा है। पुलिस भी पीड़ित की कहानी सुनकर हैरान है।
भू माफियाओं से मिलकर पत्नी ने किया खेल
मोहल्ला खानकाह की शेखुल हिन्द कालोनी निवासी मोहम्मद ताहिर ने देवबंद कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि सात साल पूर्व उसने शेखुल हिन्द कालोनी में 100 वर्ग गज का प्लाट खरीद कर मकान तैयार कराया था। बताया कि वह मजदूरी का काम करता है और अधिकांश समय घर से बाहर अन्य शहरों में रहता है। बोला कि उसकी पत्नी बेहद शातिर किस्म की महिला है और पत्नी ने क्षेत्र के ही तीन भू माफिया और गुंडा किस्म के व्यक्तियों से साज कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसको मृतक दर्शा दिया और मकान बेच दिया।
जांच के बाद कार्रवाई का आदेश
जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त लोग उससे मकान की एवज में 5 लाख रुपये मांग रहे है। साथ ही तरह तरह की धमकियां भी दे रहे है। पीड़ित ताहिर ने पुलिस अधिकारी से कहा कि साहब वह जिंदा है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर उसे इंसाफ दिलाया जाए। प्रभारी निरीक्षक अशोक सोलंकी का कहना है कि जांच उपरांत आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।