विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CCSU में स्टार्टअप संवाद-2026: Lifelong Learning क्यों है आज की सबसे बड़ी जरूरत? सिर्फ डिग्री से नहीं बदलेगी भविष्य की तस्वीर

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 28 Nov 2026 02:19 PM (IST)

मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित नेताजी सुभाष चंद सभागार में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026 शुरू हो गया है। इसमें बताया गया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन संसाधनों का वितरण असमान है।

मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित नेताजी सुभाष चंद सभागार में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026 के दौरान राज्यपाल और अन्य अतिथि। इंसेट में कार्यक्रम को संबोधित करते अपर मुख्य सचिव सुधीर एम भोपले व डाॅ. अभय जैरी। जागरण

मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित नेताजी सुभाष चंद सभागार में पश्चिमांचल स्टार्टअप संवाद-2026 के दौरान राज्यपाल और अन्य अतिथि। इंसेट में कार्यक्रम को संबोधित करते अपर मुख्य सचिव सुधीर एम भोपले व डाॅ. अभय जैरी। जागरण 

HighLights

  1. 1825 स्टार्टअप के साथ प्रदेश के कुल स्टार्टअप में पश्चिमांचल की 58.2 प्रतिशत हिस्सेदारी।

  2. पश्चिमांचल के 30 जिलों में सिर्फ 13 में मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेटर, 46 में से 26 नोएडा-गाजियाबाद में।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इनका लाभ सभी जिलों और विश्वविद्यालयों तक समान रूप से नहीं पहुंच पा रहा है। पश्चिमांचल के 30 जिलों में केवल 13 जिलों में मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेशन सेंटर हैं। क्षेत्र के कुल 46 मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेटर में से 26 अकेले गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में संचालित हैं।

दूसरी ओर, पश्चिमांचल में करीब 1825 स्टार्टअप हैं, जो प्रदेश के कुल स्टार्टअप का लगभग 58.2 प्रतिशत हैं। ऐसे में स्टार्टअप के लिए उपलब्ध संसाधनों का समान वितरण, विश्वविद्यालयों में इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना और शुरुआती निवेश की व्यवस्था बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में शनिवार को आयोजित पश्चिमांचल यूपी स्टार्टअप संवाद-2026 में अपर मुख्य सचिव डा. सुधीर एम. बोबडे ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से क्षेत्र के स्टार्टअप इकोसिस्टम की वास्तविक स्थिति और चुनौतियों को सामने रखा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 88 मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेटर हैं, जिनमें 46 पश्चिमांचल में हैं।

हालांकि इनका वितरण कुछ जिलों तक ही सीमित है। गौतमबुद्धनगर में अकेले 1825 में से 1165 स्टार्टअप दर्ज होने का आंकड़ा भी क्षेत्रीय असमानता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वविद्यालयों से इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित करने के साथ उन्हें मान्यता दिलाने की दिशा में भी काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 40 सरकारी विश्वविद्यालयों में से 13 पश्चिमांचल में हैं। इनमें 12 राज्य विश्वविद्यालय और एक केंद्रीय विश्वविद्यालय अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय शामिल है। वहीं, प्रदेश के 54 निजी विश्वविद्यालयों में से 40 पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्थित हैं। इसके बावजूद निजी विश्वविद्यालयों में केवल 15 के पास मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेटर हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को अपनी शैक्षणिक और शोध गतिविधियों को उद्यमिता से जोड़ना होगा, ताकि विद्यार्थियों के विचार व्यावहारिक उत्पाद और व्यवसाय का रूप ले सकें।

एनसीआर की पूंजी और उद्योगों से मिल सकती है नई उड़ान

डा. बोबडे ने पश्चिमांचल की ताकत का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से निकटता, कारपोरेट कंपनियों की मौजूदगी, निवेशकों तक पहुंच और बड़ा औद्योगिक आधार यहां के स्टार्टअप के लिए महत्वपूर्ण अवसर हैं। क्षेत्र में एमएसएमई, एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) क्लस्टर, विनिर्माण इकाइयों और उच्च शिक्षण संस्थानों का बड़ा नेटवर्क मौजूद है। इन सभी को आपस में जोड़कर स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तकनीक आधारित उद्यम विकसित किए जा सकते हैं।

उन्होंने कमजोरियों की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि नए स्टार्टअप को शुरुआती चरण में निवेश प्राप्त करने में कठिनाई होती है। इसके अलावा एक्सेलरेटर की सीमित संख्या भी उनके विकास में बाधा बनती है। एक्सेलरेटर स्टार्टअप को विशेषज्ञ मार्गदर्शन, निवेशकों से संपर्क, बाजार तक पहुंच और व्यवसाय को विस्तार देने में मदद करते हैं।

उत्तर प्रदेश की स्टार्टअप नीति में कई उपयोगी प्रावधान हैं, लेकिन उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समयबद्धता और जिम्मेदारी तय करना जरूरी है। कारपोरेट वेंचर कैपिटल और कंपनियों के सीएसआर फंड से भी स्टार्टअप को सहयोग दिया जा सकता है। ओडीओपी उत्पादों और पारंपरिक उद्योगों के तकनीकी उन्नयन में भी नए उद्यम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

डिग्री से ज्यादा जरूरी समस्या का समाधान करने का कौशल

प्रथम तकनीकी सत्र में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के पूर्व चीफ इनोवेशन आफिसर डा. अभय जेरे ने शिक्षा, रोजगार और तकनीकी बदलावों के संदर्भ में पांच बड़े डिसरप्शन (व्यवस्थागत बदलावों) की चर्चा की। उन्होंने कहा कि रोजगार की पारंपरिक अवधारणा तेजी से बदल रही है। अब स्थायी नौकरी के बजाय प्रोजेक्ट आधारित काम और नए अवसरों का महत्व बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं को बदलती जरूरतों के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

उन्होंने कहा कि अब उद्योगों को केवल डिग्रीधारी नहीं, बल्कि समस्याओं का समाधान करने वाले युवा चाहिए। किसी विद्यार्थी के पास कौन-सी डिग्री है, उससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि वह वास्तविक जीवन और उद्योगों की समस्याओं को किस तरह हल कर सकता है। विश्वविद्यालयों को यह आत्ममंथन करना चाहिए कि वे विद्यार्थियों को केवल परीक्षा पास करने के लिए तैयार कर रहे हैं या उन्हें समस्या समाधानकर्ता भी बना रहे हैं।

डा. जेरे ने तकनीक में तेजी से हो रहे बदलाव को दूसरा महत्वपूर्ण पक्ष बताते हुए कहा कि तीन से पांच वर्षों में तकनीक का स्वरूप बदल सकता है। ऐसे में विश्वविद्यालय में पढ़ाई गई तकनीक विद्यार्थी के डिग्री लेकर निकलने तक अप्रासंगिक भी हो सकती है। इसलिए आजीवन सीखने (लाइफलांग लर्निंग) की अवधारणा को शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाना होगा।

यदि कोई विद्यार्थी 22 वर्ष की आयु में अपना करियर शुरू करता है और 75 वर्ष तक सक्रिय रहता है, तो उसका व्यावसायिक जीवन करीब 50 वर्षों का होगा। इतनी लंबी अवधि में एक बार प्राप्त की गई शिक्षा पर्याप्त नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि इंटरनेट और आनलाइन प्लेटफार्म ने ज्ञान तक पहुंच की सीमाएं समाप्त कर दी हैं। स्वयं, कोर्सएरा और एडीएक्स जैसे मंचों पर दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थानों के व्याख्यान और पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। ऐसे में विश्वविद्यालयों को केवल सूचना देने वाले संस्थान बने रहने के बजाय नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास और उद्यमिता के केंद्र के रूप में अपनी भूमिका विकसित करनी होगी।

स्वागत भाषण में कुलपति ने रखी संवाद की पृष्ठभूमि

कार्यक्रम के शुभारंभ पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने पश्चिमांचल में स्टार्टअप संस्कृति को प्रोत्साहित करने, विश्वविद्यालयों और उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने और युवाओं के नवाचार संबंधी विचारों को उद्यम में बदलने के लिए ऐसे संवादों की आवश्यकता पर जोर दिया। इससे पहले राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने स्टार्टअप प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी स्टालों पर भ्रमण कर स्टार्टअप लेकर पहुंचे विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों से बातचीत की।

संवाद में विभिन्न विश्वविद्यालयों, उद्योगों, स्टार्टअप संस्थानों और नवाचार से जुड़े विशेषज्ञों ने क्षेत्र में उद्यमिता के विस्तार, इन्क्यूबेशन व्यवस्था को मजबूत करने, निवेश की उपलब्धता और युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने के विषयों पर चर्चा की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।