विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोटापा कम करना चाहें तो वजन पर नियंत्रण बेहद जरूरी, नियमित व्यायाम और खानपान पर दें विशेष ध्यान

By Dileep Patel Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 15 Nov 2026 12:31 PM (IST)

मोटापा डायबिटीज का प्रमुख कारण है, जिससे बचाव के लिए वजन नियंत्रण, नियमित व्यायाम और संतुलित खानपान आवश्यक है। मेरठ ...और पढ़ें

विश्व मधुमेह दिवस पर आइएमए मेरठ के शिविर में जांच कराते मरीज। जागरण

विश्व मधुमेह दिवस पर आइएमए मेरठ के शिविर में जांच कराते मरीज। जागरण

HighLights

  1. मोटापा कम करने से डायबिटीज होने का खतरा घट जाता है।

  2. नियमित व्यायाम व संतुलित आहार मधुमेह नियंत्रण में सहायक।

  3. मेरठ में मधुमेह जागरूकता पर संगोष्ठी और जांच शिविर।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मोटापे के कारण डायबिटीज तेजी से बढ़ रही है। इससे बचाव के लिए वजन नियंत्रित रखना जरूरी है। पांच से 10 प्रतिशत वजन कम करने से डायबिटीज होने की आशंका कम हो सकती है। नियमित व्यायाम और खानपान पर नियंत्रण से स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है। रोजाना 10 हजार कदम चलने से शरीर की मांसपेशियां दूसरे पैंक्रियाज की तरह काम करती हैं और शुगर नियंत्रित रखने में मदद करती हैं। विश्व मधुमेह दिवस पर आइएमए हाल में आयोजित संगोष्ठी में वरिष्ठ फिजिशियन डा. वीके बिंद्रा ने यह बातें कहीं। इस दौरान निश्शुल्क जांच शिविर में 200 से अधिक मरीजों ने जांच कराई।

बच्चा पार्क के पास स्थित आइएमए सभागार में संगोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकान्त वाजपेयी ने किया। उन्होंने कहा कि निश्शुल्क जांच शिविर व संगोष्ठी के जरिए आइएमए ने डायबिटीज के प्रति जागरूकता बढ़ाने का काम किया है। समय पर जांच, उचित खानपान और नियमित व्यायाम से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि लाला लाजपत राय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. आरसी गुप्ता ने प्री-डायबिटिक मरीजों की पहचान पर जोर दिया। आइएमए मेरठ के अध्यक्ष डा. आलोक अग्रवाल ने कहा कि संगठन शिविरों के माध्यम से डायबिटीज की रोकथाम से जुड़ी जरूरी बातें जन-जन तक पहुंचाएगा।

संगोष्ठी में मधुमेह में स्वाद एवं सेहत नामक पुस्तिका का विमोचन किया गया है। लेखक डायटिशियन नीलीमा ऐरन ने कहा कि डायबिटीज होने का अर्थ यह नहीं कि जीवन में स्वाद और पसंदीदा भोजन की खुशियां समाप्त हो गई हैं। सही भोजन का चुनाव उचित मात्रा, संतुलित पोषण व नियमित दिनचर्या से शुगर को नियंत्रित रखा जा सकता है। पुस्तिका में कम कैलोरी वाले सूप, स्नैक्स सहित अन्य व्यंजन बनाने के तरीके बताए गए हैं। सचिव डा. विजय सिंह, पूर्व अध्यक्ष डा. मनीषा त्यागी, वरिष्ठ फिजिशियन डा. आरके ऐरन, डा. मितुल जैन, वरिष्ठ गुर्दा रोग विशेषज्ञ डा. संदीप गर्ग और नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. सौरभ अग्रवाल सहित अन्य चिकित्सकों ने भी विचार रखें और शिविर में सेवाएं दीं। शुगर रोगियों को निश्शुल्क गलूकोमीटर वितरित किए गए।

हल्के में न लें, लक्षण दिखें तो तुरंत चिकित्सक को दिखाएं
वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डा. संजीव सक्सेना ने कहा कि खराब कोलेस्ट्राल को नियंत्रित करें। शुगर के मरीजों में दिल की बीमारी की आशंका दोगुनी और हार्ट अटैक का खतरा पांच गुना बढ़ जाता है। डायबिटीज साइलेंट किलर है, इसलिए इसे हल्के में न लें। बेचैनी, छाती में भारीपन, घुटन या सांस लेने में दिक्कत हो तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। ये हार्ट अटैक के लक्षण हो सकते हैं। शुगर रोगी हर तीन महीने में एचबीएवनसी जांच कराएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।