Weather Update : दो दिन से निकल रही धूप दे रही राहत, लेकिन कल हल्की बारिश संभव Meerut News
मौसम विशेषज्ञों ने तीन और चार जनवरी को हल्की बारिश का अंदेशा जताया है। हालांकि गुरुवार की सुबह भी सूरज के निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
मेरठ, जेएनएन। Weather Update नए साल के पहले दिन का मौसम सुकून भरा रहा। गुनगुनी धूप निकली और अधिकतम पारा भी कई दिन बाद चढ़ कर 18.6 डिग्री पर पहुंच गया, लेकिन बुधवार की रात कोहरे और ठंड ने नए साल का जश्न मनाने निकले लोगों के हाथ पैर सुन्न कर दिए। न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री रहा। मौसम विशेषज्ञों ने तीन और चार जनवरी को हल्की बारिश का अंदेशा जताया है। हालांकि गुरुवार की सुबह भी सूरज के निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली। खिली धूप के साथ मौसम सामान्य बना हुआ है।
17 दिनों से झेल रहे ठंड
नए वर्ष के पहले दिन सूरज ने आंखे खोली और लगातार 17 दिनों तक ठंड का कहर झेल रहे जनपद वासियों को राहत का अहसास कराया। मंदिरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर रौनक रही। अभी ठंड और पड़ने की संभावना के मद्देनजर लोगों ने बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीददारी की। कार्यालयों में लोग धूप सेंकते नजर आए।
बर्फबारी का दिखेगा असर
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि जम्मू कश्मीर में बर्फबारी और बारिश आरंभ हो गई है। गुरुवार को उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के भागों में बर्फबारी होगी। ऐसे में पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में भी ठंड का असर बढ़ना लाजिमी है। कृषि प्रणाली संस्थान के प्रधान मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष ने बताया कि हिमालय के ऊपरी क्षेत्र में पश्चिम विक्षोभ सक्रिय है। इसका असर मैदानों में भी पड़ेगा।
संगम कई घंटे लेट
कोहरे के चलते ट्रेनें काफी देरी से चल रही हैं। संचालन संबंधी कारणों से राज्यरानी एक्सप्रेस को पांच जनवरी तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। संगम एक्सप्रेस बुधवार को 9.50 घंटे विलंब से शाम 4.15 बजे पहुंची। लखनऊ से आने वाली नौचंदी, हरिद्वार जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब से आई।
पराली पर जमी बर्फ की परत
ठंड ने रंग दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान में गिरावट आने से शीतलहर से लोगों की कंपकंपी छूट गई। पाला पड़ने से बुधवार सुबह चना-गेहूं-धनिया आदि फसल व खेत में रखे चारे व पराली पर बर्फ जम गई। सर्दी के कहर ने लोगों की दिनचर्या बदल दी है। लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। दिन निकलते ही सूरज ने दर्शन दिए तो खिलखिलाती धूप से लोगों के चेहरे खिले। मंगलवार रात को खरखौदा क्षेत्र में ठंड ने कहर बरपा दिया। रात को पारा तीन डिग्री पर पहुंच गया। इससे कुछ गांवों के खेतों में फसल, चारे व पराली पर बर्फ जम गई।