हम चाहें तो शहर को बना सकते हैं चमन
दैनिक जागरण के विशेष अभियान 'स्वच्छता ही सेवा' के तीसरे दिन सोमवार को मंगलपांडे नगर स्थित सामुदायिक भवन में दो वार्डो के चार सफाईकर्मियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
मेरठ। दैनिक जागरण के विशेष अभियान 'स्वच्छता ही सेवा' के तीसरे दिन सोमवार को मंगलपांडे नगर स्थित सामुदायिक भवन में दो वार्डो के चार सफाईकर्मियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
दो अक्टूबर तक चलने वाले इस महाअभियान के तहत सोमवार को दैनिक जागरण की ओर से मंगलपांडे नगर के सामुदायिक भवन में आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व मेरठ शहर के पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत वाजपेयी, अपर नगर आयुक्त अली हसन कर्नी, लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी ने स्वच्छता के सिपाहियों को सम्मानित किया। आज अभियान में वार्ड-16 और वार्ड-32 के दो दो सफाई कर्मियों समेत कुल चार स्वच्छता के सिपाहियों का सम्मान किया गया। इनको माला और शॉल पहनाकर तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन सभी स्वच्छता के सिपाहियों का चयन क्षेत्रीय जनता की सलाह से क्षेत्रीय पार्षदों और सफाई निरीक्षकों द्वारा किया गया। दैनिक जागरण के सीनियर डीएनई दिनेश दिनकर ने अभियान के तहत होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि नगर निगम में कर्मचारियों की कमी नही है। सफाई कर्मियों को हनुमान जी की तरह शक्ति याद दिलाने की जरूरत है। हम चाहें तो शहर को चमन बना सकते हैं। इसके लिए हमें अपनी जिम्मेदारी स्वच्छता के प्रति तय करनी होगी। खुद कूड़े के निस्तारण के बारे में सोचना होगा। नगर निगम के अधिकारियों को भी अपना कार्य ईमानदारी से करना होगा। इस अवसर पर मंगलपांडे नगर आवासीय कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष बीएल गावा, पूर्व सचिव विनोद चौधरी, संजय गुप्ता, संजय पाल सिंह, पार्षद ललित नागदेव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षण प्रमोद सैनी, अजय शील और सफाई नायक राकेश मौजूद रहे। इन स्वच्छता सिपाहियों का हुआ सम्मान
1. जानी, वार्ड-16
2. सचिन, वार्ड-16
3. देवेंद्र, वार्ड-32
4. सतीश, वार्ड-32
नगर निगम ने भी शुरू किया अभियान
दैनिक जागरण के महाभियान से प्रेरित होकर नगर निगम ने भी स्वच्छता ही सेवा अभियान सोमवार को शुरू कर दिया है। निगम प्रशासन ने 13 दिन में 13 मलिन बस्तियों में विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। सोमवार को अभियान के तहत सराय काजी में सफाई की गई। इस दौरान सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अली हसन कर्नी, लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
आज डिफेंस कालोनी में होगा सम्मान
दैनिक जागरण के 18 दिवसीय विशेष अभियान स्वच्छता ही सेवा के चौथे दिन मंगलवार को वार्ड 20 के ईमानदारी व कर्मठता से अपना कार्य करने वाले कुल चार स्वच्छता के सिपाहियों का सम्मान किया जाएगा। आयोजन सुबह साढ़े नौ बजे डिफेंस कालोनी के सोसायटी कार्यालय में होगा। यह सम्मान कैंट विधायक सत्य प्रकाश अग्रवाल, एमडीए उपाध्यक्ष साहब सिंह व नगर निगम के अधिकारी करेंगे।