Move to Jagran APP

डिफेंस कालोनी में कचरे से होगी कंपोस्टिंग, निगम देगा तकनीकी सलाह

मवाना रोड स्थित डिफेंस कालोनी के गेट से रविवार सुबह 10 बजे विशेष सफाई अभियान शुरू हुआ।

By JagranEdited By: Published: Mon, 21 Oct 2019 09:00 AM (IST)Updated: Tue, 22 Oct 2019 06:19 AM (IST)
डिफेंस कालोनी में कचरे से होगी कंपोस्टिंग, निगम देगा तकनीकी सलाह
डिफेंस कालोनी में कचरे से होगी कंपोस्टिंग, निगम देगा तकनीकी सलाह

मेरठ,जेएनएन। मवाना रोड स्थित डिफेंस कालोनी के गेट से रविवार सुबह 10 बजे विशेष सफाई अभियान शुरू हुआ। महापौर सुनीता वर्मा, सहायक नगर आयुक्त बृजपाल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. गजेंद्र सिंह, निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजपाल यादव अभियान में शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद विजय सोनकर और द सैनिक सहकारी आवास समिति लिमिटेड डिफेंस कालोनी के चेयरमैन रिटायर्ड मेजर महेंद्र सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। सबसे पहले डिफेंस कालोनी के गेट पर नगर निगम के सफाई कर्मियों ने झाड़ू लगाई। मवाना रोड किनारे पड़े कूड़े के ढेर हटाए। इसके बाद डिफेंस कालोनी में भी झाड़ू लगाई गई। टै्रक्टर ट्रॉली से कचरा उठाया गया।

loksabha election banner

इसके बाद महापौर और निगम अधिकारी डिफेंस कालोनी में कचरा डंपिंग स्थल पहुंचे। द सैनिक सहकारी आवास समिति लिमिटेड के चेयरमैन रिटायर्ड मेजर महेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों ने बताया कि यहां पर पूरी कालोनी का गीला और सूखा कचरा एकत्र किया जा रहा है। लेकिन इसकी कंपोस्टिंग नहीं हो पा रही है। ऐसे में कालोनी के कचरे के निस्तारण की बड़ी समस्या है। सहायक नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने के साथ जो जरूरी मदद होगी वह देगा, जिस पर समिति ने सहमति जताई। सहायक नगर आयुक्त ने नगर आयुक्त डा. अरविंद कुमार चौरसिया से बात की। निर्णय लिया गया कि एक सप्ताह के भीतर तकनीकी विशेषज्ञों की टीम के साथ निरीक्षण कर कंपोस्टिंग शुरू कराई जाएगी। द सैनिक सहकारी आवास समिति लिमिटेड की ओर से कसेरूखेड़ा स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से डिफेंस कालोनी को जोड़ने की मांग रखी। कहा कि डिफेंस का सीवेज एकत्र कर बिना ट्रीट किए नाले में जा रहा है। अगर प्लांट से कालोनी की सीवर लाइन को जोड़ दिया जाए तो नाले के जरिए काली नदी तक ट्रीट किया पानी पहुंचेगा। जिसके बाद महापौर और निगम के अधिकारियों ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। निर्माण विभाग के इंजीनियरों के साथ सलाह करने के बाद महापौर और निगम अधिकारियों ने कहा कि इस प्रस्ताव पर काम किया जाएगा। इसके अलावा डिफेंस कालोनी की स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुधारने की मांग भी निगम से की गई। निगम अधिकारियों ने कहा कि इसका भी समाधान निकाला जाएगा। महापौर और नगर निगम के अधिकारियों ने आबूनाला दो का भी निरीक्षण किया। बताया कि 2.50 करोड़ रुपये मंजूर हो गए हैं। नाले की रोड पटरी किनारे दीवार बनेगी, जिसका काम शुरू हो गया है। नाला सफाई की व्यवस्था भी देखी। सहायक नगर आयुक्त ने जोनल सेनेटरी अधिकारी अरुण खरखौदिया को नाले के दोनों ओर निकली पड़ी सिल्ट हटाने के निर्देश दिए।

पार्षद ने कहा..कुछ मोहल्लों में है पेयजल किल्लत

क्षेत्रीय पार्षद विजय सोनकर ने कसेरूखेड़ा में कंपोस्टिंग यूनिट के लिए जगह दिखाई। यहां भी कूड़ा निस्तारित किया जाएगा। जिसके बाद आबूनाला दो किनारे अस्थायी खत्ते को समाप्त कर दिया जाएगा। साथ ही महापौर और निगम अधिकारियों को अवगत कराया कि डिफेंस कालोनी और मीनाक्षीपुरम में पेयजल के लिए उनकी खुद की टंकी है। लेकिन वार्ड के अन्य मोहल्ले कसेरूखेड़ा ऊंचा मोहल्ला, डिग्गी मोहल्ला, मारवाड़ी, नई मंडी, ग्यारह मोहल्ला, नेहरू नगर, तिरुपति गार्डन, डब्ल्यूएचओ, ईशा पुरम, खटकाना और आजादनगर आदि में पीने की पानी की किल्लत है। मात्र दो नलकूप हैं, जिनसे पेयजल आपूर्ति होता है। एक पानी की टंकी यहां बन जाए तो यह किल्लत दूर हो जाएगी।

---

ये समस्याएं भी मिलीं

- आबादी के अनुपात में सफाई कर्मी पूरे नहीं हैं। इससे नियमित सफाई नहीं होती।

- डोर-टू-डोर कूड़ा गाड़ी कम हैं। नियमित रूप से हर मोहल्ले में कूड़ा नहीं उठ पाता।

- पूरे वार्ड में नालियां टूटी पड़ी हैं। जलनिकासी की समस्या विकराल है।

- वार्ड की मुख्य सड़कें टूटी पड़ी हैं। निर्माण नहीं होने से गड्ढे हो गए हैं।

- स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ठीक नहीं है। रात में मार्गो पर अंधेरा रहता है।

---

निगम अधिकारियों के वादे

- सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पास हो चुका है। जल्द नई व्यवस्था लागू होगी।

- डोर-टू-डोर कूड़ा गाड़ियों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।

- नालियों के निर्माण के लिए निर्माण विभाग के इंजीनियरों को सर्वे का निर्देश दिया गया है।

- नगर निगम की सड़कों के मरम्मत कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

- स्ट्रीट लाइट के संबंध में पथ प्रकाश विभाग को कहा जाएगा।

---

कालोनी की कहानी..लोगों की जुबानी

205

- डिफेंस कालोनी में कचरे के निस्तारण के लिए कंपोस्टिंग शुरू करने की बात रखी है। इससे कूड़ा निस्तारण की समस्या से निजात मिलेगी। निगम ने मिलकर यह काम करने का वादा किया है। उम्मीद है कि यह प्रक्रिया एक सप्ताह में शुरू हो जाएगी।

रिटायर्ड मेजर महेंद्र सिंह, चेयरमैन, द सैनिक सहकारी आवास समिति लिमिटेड।

---

206

- सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से डिफेंस कालोनी को जोड़ा जाना चाहिए। नगर निगम को कालोनीवासी हाउस टैक्स अदा कर रहे हैं। निगम को चाहिए कि यहां भी सुविधाएं मुहैया कराए।

वीसी चोपड़ा, रिटायर्ड कर्नल

---

215

- वार्ड 20 की आबादी बहुत है, लेकिन निगम की सफाई व्यवस्था चौपट है। कर्मचारियों व संसाधनों की कमी से इस क्षेत्र में नियमित सफाई और कूड़ा उठान नहीं हो पा रहा है।

विजय सोनकर, पार्षद।

---

207

- महापौर और नगर निगम अधिकारियों से मांग की है कि डिफेंस कालोनी में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कराया जाए। ताकि जल संरक्षण का काम यहां भी किया जा सके। बरसात में इससे जलभराव से भी निजात मिलेगी।

चमन सिंह, रिटायर्ड कर्नल।

---

वर्जन:::

- आबू नाले की दीवार का काम शुरू हो गया है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से डिफेंस कालोनी के सीवर को जोड़ने की मांग उठी है। इस पर विचार किया जाएगा। नगर निगम के अधिकारियों से प्रस्ताव बनाने को कहा है। यह समस्या भी हल की जाएगी। इसके अलावा जो भी समस्याएं हैं, उनका निदान भी होगा।

- सुनीता वर्मा, महापौर।

---

- डिफेंस कालोनी की समस्याएं सुनीं और मौके पर निरीक्षण भी किया है। यहां जलभराव की समस्या रही है। इससे निजात दिलाने के लिए डिफेंस कालोनी के नालों पर गेट लगाए गए हैं। पंपिंग सेट स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा आबूनाला-दो किनारे 14 इंच मोटी दीवार बनाई जा रही है। साथ ही यहां कचरे से कंपोस्टिंग का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। स्थानीय लोगों से जो वादे किए गए हैं, वो पूरे होंगे।

बृजपाल सिंह, सहायक नगर आयुक्त।

---

- आबू नाला दो की सफाई युद्धस्तर पर की जा रही है। नाले की चौड़ाई करीब 20 मीटर थी, जो सिल्ट न उठाने के कारण घट गई है। सिल्ट उठाने का जोनल सेनेटरी अधिकारी को निर्देश दिया गया है। मशीन लगा दी गई है।

- डा. गजेंद्र सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.