हिमाचल में 'डांस पार्टी' कर रहा उधम, एक सप्ताह तक मेरठ में भी रहा... खुफिया तंत्र को भनक तक नहीं लगी
50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोपी वांछित उधम सिंह हिमाचल में पार्टी करते हुए वीडियो में दिखा है। यह अपराधी हाल ही में एक सप्ताह तक मेरठ में भी रहा, लेकिन पुलिस और खुफिया तंत्र को उसकी भनक तक नहीं लगी, जिससे पुलिस कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

हिमाचल में 'डांस पार्टी' कर रहा उधम। वीडियो ग्रैब
HighLights
वांछित उधम सिंह हिमाचल में बेखौफ पार्टी करते दिखा।
रंगदारी के आरोपी ने मेरठ में भी एक सप्ताह बिताया।
पुलिस और खुफिया तंत्र की कार्यशैली पर उठे सवाल।
जागरण संवाददाता, मेरठ। बिल्डर से 50 लाख की रंगदारी मांगने के आरोपित वांछित कुख्यात उधम सिंह करनावल पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देने का दावा कर रही है, लेकिन उधम सिंह के हिमाचल में पार्टी करने और डांस करते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। वीडियो में वह बेखौफ हो डांस करता नजर आ रहा है। रंगदारी के दो मुकदमे दर्ज होने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं होना और इस तरह पार्टी के वीडियो सामने आना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।
हैरानी की बात यह है कि उधम सिंह हाल ही में मेरठ में करीब एक सप्ताह तक रहा था। इस दौरान उसने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में अपनी पहली पत्नी पुष्पा का उपचार कराया। वह कार से शहर में घूमता रहा और अस्पताल में पत्नी के साथ मौजूद रहा। अस्पताल पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर होने के बावजूद पुलिस और एलआइयू को उसकी मौजूदगी की भनक तक नहीं लगी। अब हिमाचल में पार्टी के दौरान डांस करते वीडियो सामने आने से पुलिस की निगरानी और खुफिया तंत्र की सक्रियता पर फिर सवाल उठ रहे हैं।
अशोक की लाट पर घेरकर मांगी थी 50 लाख की रंगदारी
सरूरपुर के करनावल निवासी उधम सिंह और उसके शूटर इनामउल्लाह पर रियल एस्टेट कारोबारी अंकुर शर्मा से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। पल्लवपुरम के विवेक विहार निवासी अंकुर शर्मा एसआर डेवलपर्स के साझेदार हैं। उनकी शिकायत के मुताबिक, सात सितंबर को वह आबूलेन स्थित पल्स जिम से निकलकर जली कोठी जा रहे थे।
अशोक की लाट के पास दो गाड़ियों ने उनकी कार को घेर लिया। आरोप है कि इनामउल्लाह ने पिस्टल दिखाकर 50 लाख रुपये देने की धमकी दी। विरोध करने पर उनकी कार की तरफ फायरिंग भी की गई। इसके बाद एक नवंबर की रात बाइक सवार दो युवक अंकुर शर्मा के कार्यालय पहुंचे और एक लिफाफा देकर चले गए। दो नवंबर को लिफाफा खोलने पर उसमें जिंदा कारतूस और धमकी भरा पत्र मिला। इसके बाद बिल्डर ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी पर स्टे के बाद मेरठ आया था
मुकदमा दर्ज होने के बाद उधम सिंह जनपद से बाहर चला गया था। बताया गया कि हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे मिलने के बाद वह मेरठ आया था। इस दौरान करीब एक सप्ताह तक शहर में उसकी मौजूदगी रही, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। अब हिमाचल में पार्टी करते हुए उसके वीडियो सामने आने से सवाल उठ रहा है कि पुलिस की तलाश के बीच वह किस तरह बेखौफ होकर अलग-अलग स्थानों पर घूम रहा है।
फिलहाल उधम सिंह और उसके शूटर इनामउल्लाह पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कराने की संस्तुति की गई है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने का दावा कर रही है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि उधम सिंह और उसके शूटर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। दोनों के खिलाफ न्यायालय से संबंधित वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।