मुरादाबाद के वाल लैंप बढ़ा रहे हैं मेरठ के इंटीरियर की शान, यह है इनकी खासियत
घर के हर कोने को आकर्षक और खूबसूरत बनाने के लिए बाजार में एक से बढ़कर एक लैंप और वाल लैंप चलन में है। मुरादाबाद के पीतल के बने एंटीक लैंप जो घर को रायल लुक दे रहे हैं सबसे ज्यादा डिमांड में हैं।
मेरठ, जेएनएन। मन को लुभाने वाली रौशनी किसी भी जगह को खास और आकर्षक बना सकती हैं, यहीं कारण है कि इस समय इंटीरियर डिजाइन में सबसे ज्यादा लाइट में नए नए प्रयोग किए जा रहे हैं। लोग गार्डन से लेकर किचन तक और बेडरूम से लेकर बालकनी सजाने के लिए एंटीक डिजाइनर लैंप, वाल लैंप और लाइट पसंद कर रहे हैं। इसमें नेचुरल लाइट से लेकर व्हाइट लाइट, येलो लाइट और वार्म लाइट तक का चलन दिनों दिन बढ़ रहा है। जो घर के कोने-कोने को खूबसूरत बना रहा है। इन लाइट को अधिक आकर्षक और स्टाइलिश बनाने के लिए इस समय बाजार में डिजाइनर एंटीक लैंप और वाल लैंप का ट्रेंड है। जिसमें सबसे ज्यादा पीतल के बने वाल लैंप काफी पंसद किए जा रहे हैं। इसके खासियत है कि यह देखने में एंटीक लुक देते हैं, और वजन में काफी हलके हैं। इनकी कीमत तीन से आठ हजार रुपये तक हैं।
हर कोने के लिए है कुछ खास
घर के हर कोने को आकर्षक और खूबसूरत बनाने के लिए बाजार में एक से बढ़कर एक लैंप और वाल लैंप चलन में है। मुरादाबाद के पीतल के बने एंटीक लैंप जो घर को रायल लुक दे रहे हैं, सबसे ज्यादा डिमांड में हैं। इसके अलावा फिरोजाबाद के डिजाइनर कांच के बने झूमर और लैंप के साथ ही मुंबई और अलीगढ़ के लैंप भी घर के इंटीरियर में चार चांद लगा रहे हैं। जिनकी कीमत 1500 से 10 हजार रुपये तक हैं।
इन्होंने बताया...
इस समय एंटीक लुक वाले लैंप की मांग सबसे ज्यादा है। घर को रायल लुक देने के लिए लोग इस तरह के लैंप और वाल लैंप अधिक पसंद कर रहे हैं। इसमें मुरादाबाद के एंटीक ब्रांस लैंप , फिरोजाबाद के कांच के लैंप और मुंबई के थीम वाले लैंप लोगो की पहली पसंद में शामिल है।
-अंकित सिंघल, शाइन लाइट गढ रोड
लोग थीम के अनुसार इंटीरियर डिजाइन करवा रहे हैं, इसमें लाइट का विशेष महत्व होता है। किसी भी घर को अलग लुक देने के लिए इस समय नेचुरल लाइट का प्रयोग किया जा रहा है। इसके अलावा लोग अलग-अलग थीम पर अपनी पसंद के अनुसार काम करवाना पसंद कर रहे हैं।
-ऋषभ नारंग, नारंग एंटरप्राइजेज बुढ़ाना गेट