राष्ट्रीय पक्षी मोर को काट रहे दो लोगों को पकड़ा, पिटाई कर किया पुलिस के हवाले Bulandshahar News
नंगलाकरन गांव के प्रधान ने दोनों पर मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही इस घटना के बारे में तहरीर के द्वारा पुलिस को पूरी जानकारी दी है।
बुलंदशहर, जेएनएन। राष्ट्रीय पक्षी मोर को काट रहे दो लोगों को नंगलाकरन गांव के प्रधान व ग्रामीणों ने पकड़ कर पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने दोनों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक एक बंद पड़ी फैक्ट्री में मोर को काट रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर गांव के लोग वहां पहुंचे तो यह जानकारी सच निकली। जिसके बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया और इनकी पिटाई करनी शुरू कर दी।
मोर को पकड़कर फैक्ट्री में ले जा रहे थे युवक
प्रधान विकास राघव ने बताया कि शनिवार शाम करीब सात बजे वह बुलंदशहर-औरंगाबाद-गढ़मुक्तेश्वर स्टेट हाईवे पर कार से जा रहे थे, जब वह सैदपुरा मोड़ स्थित बंद पड़ी एक फैक्ट्री के पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दो लोग मोर को पकड़ कर अंदर ले जा रहे थे। फैक्ट्री का गेट खोलकर देखा तो दोनों मोर को काट रहे थे। प्रधान और उनके समर्थकों ने दोनों को पकड़ लिया। पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों ने अपने नाम पप्पू व भूरा निवासी अजमेरपुरा गांव थाना आहार बताया। थाने पहुंची वन विभाग की टीम ने मोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।