वीर नारी प्रियंका को औपचारिकताएं पूरी करने पर मिलेगी ज्वाइनिंग Meerut News
पुलवामा के शहीद अजय कुमार की पत्नी वीर नारी प्रियंका को प्रदेश सरकार ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में कनिष्ठ लिपिक के पद पर नियुक्ति का आदेश किया है।
मेरठ, जेएनएन। पुलवामा हमले के बाद सर्च ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए बसा टिकरी गांव के सैनिक अजय कुमार की पत्नी वीरनारी प्रियंका को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में कनिष्ठ लिपिक के पद पर जॉइनिंग से पहले औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इनका पत्र आज प्रियंका को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल आरके शर्मा ने सौंप दिया है।
मंगलवार को मिलेगी ज्वाइनिंग
कर्नल शर्मा का कहना है संभवत मंगलवार को प्रियंका सभी औपचारिकताएं पूरी करके अपने पद पर ज्वाइन कर लेगी। पुलवामा के शहीद अजय कुमार की पत्नी वीर नारी प्रियंका को प्रदेश सरकार ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में कनिष्ठ लिपिक के पद पर नियुक्ति का आदेश किया है। 4 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रियंका समेत 11 वीर नारियों और शहीद सैनिकों के परिजनों को अनुमति पत्र सौंपे थे। सरकार के उक्त पत्र को लेकर वीर नारी प्रियंका सोमवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय पहुंची। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल आरके शर्मा ने सरकार के आदेश पर प्रियंका को विभागीय पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने प्रियंका से शासनादेश के क्रम में औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कहा है। ज्वाइनिंग से पहले प्रियंका को अपने शैक्षिक, निवास प्रमाण पत्र , स्वास्थ्य प्रमाण पत्र एवं दो राजपत्रित अधिकारियों द्वारा जारी किए गए चरित्र प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे। प्रियंका ने बताया कि वह इन औपचारिकताओं को पूरा करके मंगलवार को अपने पद पर ज्वाइन करने का प्रयास करेंगी।
रोते बिलखते पहुंचे सास-ससुर
शहीद अजय कुमार के माता पिता सोमवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय पहुंचे। उनकी आंखों से आंसू बह रहे थे। दोनों ने जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल आरके शर्मा को बताया कि उनकी पुत्रवधू अब ससुराल में नहीं रहती है। अजय के दोनों बेटों को भी वह अपने साथ ले गई है। उन्होंने कर्नल शर्मा से मदद मांगी। शहीद अजय के पिता भी पूर्व सैनिक हैं।