विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैश्य समाज का मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह 29 को, पांच विशिष्ट विभूतियों को मिलेगा ‘वैश्य शिरोमणि’ सम्मान

By Rajendra Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 15 Nov 2026 02:17 PM (IST)

वैश्य समाज मेरठ महानगर 29 नवंबर को मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह आयोजित करेगा, जिसमें 500 छात्रों को सम्मानित किया जाएगा और पांच विशिष्ट विभूतियों को 'वैश्य शिरोमणि' उपाधि मिलेगी।

शास्त्रीनगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में वैश्य समाज मेरठ महानगर की ओर से आयोजित बैठक संबोधित करते अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता व मौजूद पदाधिकारी । जागरण

शास्त्रीनगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में वैश्य समाज मेरठ महानगर की ओर से आयोजित बैठक संबोधित करते अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता व मौजूद पदाधिकारी । जागरण

HighLights

  1. 29 नवंबर को मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह आयोजित होगा।

  2. पांच विशिष्ट विभूतियों को 'वैश्य शिरोमणि' उपाधि से नवाजा जाएगा।

  3. 500 मेधावी छात्र-छात्राओं को समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, मेरठ। वैश्य समाज मेरठ महानगर की ओर से आगामी 29 नवंबर को बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कालेज में आयोजित होने वाले भव्य मेधावी छात्र-छात्रा अभिनंदन समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को कमला देवी शिशु मंदिर, शास्त्रीनगर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।

महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात उद्योगपति डा. रामकुमार गुप्ता होंगे। इस अवसर पर वैश्य समाज की पांच विशिष्ट विभूतियों को प्रतिष्ठित ‘वैश्य शिरोमणि’ की उपाधि से अलंकृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह में लगभग 500 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं ‘वैश्य एकता’ स्मारिका भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आइएएस, पीसीएस एवं आइआइटी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

23 केंद्रों पर जमा हो रही हैं अंकतालिकाएं
मेधावी विद्यार्थियों के चयन के लिए मेरठ महानगर में 23 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर अब तक लगभग 350 छात्र-छात्राओं की अंकतालिकाएं जमा हो चुकी हैं। सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए यूपी बोर्ड के ऐसे विद्यार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
संस्था की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित केंद्रों पर अपनी अंकतालिका की छायाप्रति शीघ्र जमा कराएं, ताकि सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की अंतिम सूची समय से तैयार की जा सके।

2500 से अधिक वैश्य बंधुओं के जुटने की संभावना
संस्था के अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता ने बताया कि समारोह में 2500 से अधिक वैश्य बंधुओं के शामिल होने की संभावना है। अतिथियों एवं समाज के लोगों के स्वागत व सत्कार व्यवस्था को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समारोह को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मिलकर जुटे हुए हैं।

बैठक में ‘प्रदीप वाष्र्णेय, गीता अग्रवाल, मुख्य महिला संयोजिका गीता जिंदल, उपमहामंत्री प्रवीण कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुशील राजवंशी, मुकुल सिंघल, संजीव अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, अमित मित्तल, हर्ष गोयल, सुशील कुमार ‘भट्टे वाले’, अमित अग्रवाल सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन प्रदीप वार्ष्णेय के सौजन्य से किया गया। अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष सुशील कृष्ण गुप्ता ने तथा संचालन महामंत्री प्रमोद गुप्ता ने किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।