सबका विकास सबका सम्मान थीम पर मनेगा उप्र दिवस
24 जनवरी को पूरे प्रदेश के साथ मेरठ में भी उत्तर प्रदेश दिवस पर भव्य आयोजन किया जाएगा।
मेरठ, जेएनएन। 24 जनवरी को पूरे प्रदेश के साथ मेरठ में भी उत्तर प्रदेश दिवस पर भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इस बार उत्तर प्रदेश दिवस की थीम आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश, महिला-युवा-किसान, सबका विकास सबका सम्मान रहेगी। कार्यक्रम में बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ का संदेश देती लघु नाटिका आयोजित की जाएगी साथ ही दिव्यांग बालिकाओं द्वारा जूडो-कराटे का प्रदर्शन किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम की योजना तैयार करने के लिए जिलाधिकारी के बालाजी ने गुरुवार शाम को कैंप कार्यालय पर विभिन्न विभागों के अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सम्मान, लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरण के साथ विभागीय स्टाल लगाकर योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जायेगा। इसी दिन राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन भी किया जायेगा। उन्होंने बताया कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में सांसद और विधायकों के साथ सभी जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। मुख्य विकास अधिकारी ईशा दुहन ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उद्योग विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, संस्कृति विभाग, पर्यटन विभाग, माध्यमिक शिक्षा, आसीडीएस, स्वास्थ्य विभाग, कृषि, गन्ना विभाग आदि विभागों द्वारा अपने-अपने स्टाल लगाये जायेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ साथ उत्तर प्रदेश गीत का गायन भी किया जायेगा। बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ से संबंघित लघु नाटिका का मंचन किया जाएगा। दिव्यांग बालिकाओं द्वारा जूडो-कराटे का प्रदर्शन किया जायेगा। 50 से अधिक विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक में सीएमओ डा. अखिलेश मोहन, उपायुक्त उद्योग वीके कौशल, एलडीएम संजय कुमार, जिविनि गिरजेश चौधरी, बीएसए सत्येन्द्र ढाका, जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी व अन्य मौजूद रहे।