मेरठ के तुषार गिरी ने UPSC में पाई सफलता, पिता बोले-'इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है...'
मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी तुषार गिरी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में सफलता पाई है। तुषार ने IAS बनने का लक्ष्य रखकर पढ़ाई की थी।

तुषार गिरी
HighLights
मूल रूप से मेरठ के किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के खटकी गांव निवासी है परिवार।
प्रारंभिक शिक्षा विज्ञान विषय से हुई और एनआइटी पटना से बीटेक किया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ में शास्त्रीनगर निवासी तुषार गिरी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 395वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। तुषार की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।
उनके पिता एसबी गिरी ने बेटे की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि यह पल उनके परिवार के लिए बेहद खास है और इससे बड़ी खुशी उनके लिए और क्या हो सकती है।
तुषार गिरी मूल रूप से मेरठ के किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र के खटकी गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में उनका परिवार शास्त्रीनगर में रहता है। उनके पिता एसबी गिरी छावनी स्थित केंद्रीय विद्यालय पंजाब लाइंस में शिक्षक रहे हैं।
उनकी पोस्टिंग इस समय ओडिशा में है, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वह वहां ड्यूटी ज्वाइन करने नहीं जा सके। बेटे की सफलता की खबर सुनकर परिवार और रिश्तेदारों में उत्साह की लहर दौड़ गई।
तुषार की सफलता के पीछे उनका संघर्ष और लगातार मेहनत रही है। तुषार ने आईएएस बनने का लक्ष्य निर्धारित किया था। उन्होंने मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी के माध्यम से तैयारी की और सफलता हासिल की। हालांकि शुरुआती तीन वर्षों तक उन्होंने कोचिंग के माध्यम से भी तैयारी की थी।
तुषार की प्रारंभिक शिक्षा विज्ञान विषय से हुई और उन्होंने एनआइटी पटना से बीटेक किया। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा के लिए अपना वैकल्पिक विषय बदलकर दर्शनशास्त्र (philosophy) रखा और तीसरे प्रयास में परीक्षा पास की।
यह भी पढ़ें- कौन हैं आस्था जैन, जिन्होंने UPSC में हासिल की नौवीं रैंक, UP के छोटे से कस्बे से है इनका नाता
तुषार की सफलता से होली के अवसर पर परिवार की खुशियां और भी बढ़ गई हैं। परिवार के बुजुर्गों ने कहा कि होली के बाद ही ईश्वर ने तुषार के माध्यम से पूरे परिवार को खुशी का बड़ा तोहफा दे दिया। पिता एसबी गिरी ने भावुक होकर कहा कि बेटे की मेहनत रंग लाई है और उन्हें उस पर बेहद गर्व है।
कहा कि तुषार की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिली है कि निरंतर मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
