विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौन हैं आस्था जैन, जिन्होंने UPSC में हासिल की नौवीं रैंक, UP के छोटे से कस्बे से है इनका नाता

By Akash Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 06 Mar 2026 04:50 PM (GMT+05:30)

UPSC result 2025 : शामली के कांधला निवासी आस्था जैन ने यूपीएससी परीक्षा में नौवीं रैंक हासिल कर जिले का ...और पढ़ें

आस्था जैन। सौ. स्वजन

आस्था जैन। सौ. स्वजन

HighLights

  1. इंटरमीडिएट में थीं देश की चौथी टापर, अभी कर रहीं आइपीएस की ट्रेनिंग।

  2. शामली निवासी आस्था का आइएएस बनने का सपना तीसरे प्रयास में हुआ पूरा।

जागरण संवाददाता, शामली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम में कांधला निवासी आस्था जैन ने आल इंडिया नौवीं रैंक हासिल की है। आस्था इससे पहले दो बार यूपीएससी परीक्षा दे चुकी हैं। पहली बार में वह 131वीं रैंक हासिल कर आइपीएस बनी थीं, जबकि दूसरी बार में 181वीं रैंक मिली थी।
आइएएस बनने का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने तीसरी बार परीक्षा दी थी। फिलहाल वह हैदराबाद में आइपीएस की ट्रेनिंग कर रही हैं। उनकी सफलता की सूचना मिलते ही माता-पिता को मिठाई खिलाकर बधाई देने वालों का तांता लग गया।

a6

पिता हैं किराना व्यापारी 

कांधला कस्बे के मुहल्ला सरावज्ञान निवासी आस्था के पिता अजय कुमार जैन की कस्बे में ही किराना और कंफेक्शनरी की दुकान है। उन्होंने बताया कि आस्था शुरू से ही मेधावी रही हैं और उनका लक्ष्य हमेशा से आइएएस अधिकारी बनने का था। 2023 में पहले ही प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में 131वीं रैंक हासिल की थी, जिसके बाद उनका चयन आइपीएस के लिए हो गया था और उनको राजस्थान कैडर मिला था। वर्तमान में वह हैदराबाद में ट्रेनिंग कर रही हैं।

आइएएस बनने के जुनून के चलते हार नहीं मानी

आइएएस बनने के जुनून के चलते उन्होंने हार नहीं मानी। दूसरे प्रयास में उन्हें 186वीं रैंक मिली, जिससे वे संतुष्ट नहीं हुईं। इसके बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में टाप-10 में जगह बनाकर अपने लक्ष्य को हासिल कर लिया है। आस्था की मां ममता जैन ने बताया कि बेटी ने प्रारंभिक शिक्षा कस्बे से प्राप्त करने के बाद हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई शामली के स्काटिश इंटरनेशनल स्कूल से की थी।

2019 की इंटरमीडिएट की परीक्षा में 500 में से 496 अंक प्राप्त कर देश में सीबीएसई के परिणामों में चौथा स्थान हासिल किया था। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक (बीए) की डिग्री ली और वहीं रहकर कोचिंग के साथ-साथ सेल्फ स्टडी और आनलाइन माध्यमों से तैयारी जारी रखी। आस्था ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बहन आंचल, खुशी, भाई सार्थक और अपने गुरुजनों को दिया है।

परिवार में खुशी का माहौल, बधाई देने पहुंच रहे लोग

आस्था के चयन की सूचना मिलते ही पिता ने बाजार में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। परिणाम आने के बाद मुहल्लेवासी, स्कूल के निदेशक राजीव गर्ग समेत बड़ी संख्या में लोगों ने आस्था को फोन कर बधाई दी। वहीं, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी एक्स पर पोस्ट कर आस्था को बधाई दी है।