विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा: DNS, कैप्चा, 1857 की क्रांति, 2036 के ओलिंपिक और पूना समझौता... GS पेपर का पूरा हाल

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 19 Nov 2026 12:59 PM (IST)

Assistant Professor Exam 2026: असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा की सुबह की पाली में सामान्य अध्ययन का प्रश्न पत्र व्यापक विषयगत ...और पढ़ें

एसएसडी कालेज लालकुर्ती से परीक्षा देकर बाहर आते अभ्यर्थी। जागरण - ,

एसएसडी कालेज लालकुर्ती से परीक्षा देकर बाहर आते अभ्यर्थी। जागरण

- ,

HighLights

  1. सामान्य ज्ञान के 30 प्रश्नों में विज्ञान, तकनीक, संविधान, पर्यावरण, इतिहास और समसामयिक घटनाओं का रहा मिश्रण।

  2. प्रश्न पत्र का स्तर सामान्य से मध्यम और कुछ सवालों के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहा, मेरठ के 17 केंद्रों पर हुई परीक्षा।

जागरण संवाददाता, मेरठ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा गुरुवार को सुबह की पाली में मेरठ के 17 केंद्रों पर हुई। सामान्य अध्ययन (GS) का प्रश्न पत्र अभ्यर्थियों की व्यापक विषयगत समझ परखने वाला रहा। सामान्य ज्ञान के कुल 30 प्रश्नों में विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण, भारतीय संविधान, अर्थव्यवस्था, इतिहास, शिक्षा व्यवस्था, अंतरिक्ष विज्ञान और खेल सहित कई विषयों को शामिल किया गया।

प्रश्न पत्र का स्तर सामान्य से मध्यम और कुछ सवालों के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहा। इसमें केवल सामान्य तथ्यों की जानकारी ही नहीं, बल्कि विभिन्न विषयों की अवधारणाओं और उनके व्यावहारिक उपयोग की समझ भी परखी गई।

प्रश्न पत्र में तकनीकी और वैज्ञानिक विषयों को विशेष जगह मिली। इंटरनेट और कंप्यूटर से जुड़े सवालों में डीएनएस सर्वर की कार्यप्रणाली, मैक एड्रेस का पूरा नाम, एचटीटीपीएस प्रोटोकाल और कैप्चा की अवधारणा पूछी गई।

वहीं, विज्ञान एवं अंतरिक्ष से जुड़े प्रश्नों में ईएसए -जेएएक्सए के बेपीकोलंबो मिशन, सौरमंडल के केंद्रीय तारे और प्राकृतिक संसाधनों से संबंधित सवाल शामिल रहे। वर्ष 2026 के रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कार से जुड़े प्रश्न ने समसामयिक विज्ञान की जानकारी भी परखी।

संविधान और पर्यावरण से जुड़े अहम सवाल

भारतीय संविधान और प्रशासनिक व्यवस्था से संबंधित प्रश्नों में अनुच्छेद 72 के तहत राष्ट्रपति को मंत्रियों द्वारा दी गई सलाह की न्यायिक समीक्षा, निर्वाचन आयोग के अधिकार क्षेत्र और भारतीय संविधान की प्रस्तावना में वर्णित सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक उद्देश्यों पर सवाल पूछे गए। यूजीसी के वैधानिक अधिकारों और विश्वविद्यालयों में उसकी भूमिका से जुड़ा प्रश्न भी शामिल था।

पर्यावरण खंड में प्रदूषक भुगतान सिद्धांत, रामसर अभिसमय, कोयला एवं पेट्रोलियम जैसे अनवीकरणीय संसाधन और मिट्टी में घुलनशील लवणों के जमाव यानी लवणीकरण से संबंधित सवाल पूछे गए। इतिहास में 1857 की क्रांति के दौरान सैनिकों के विद्रोह के पीछे कारतूस विवाद और पूना समझौते से संबंधित प्रश्न शामिल रहे।

शिक्षा और अर्थव्यवस्था की भी परखी समझ

शिक्षा एवं शोध पद्धति से जुड़े सवालों में कक्षा में डिजिटल उपकरणों के उपयोग का सर्वेक्षण करने की उपयुक्त विधि और पांच महाविद्यालयों का चयन कर उनमें विद्यार्थियों के सर्वेक्षण से संबंधित सैंपलिंग की तकनीक पूछी गई। अर्थव्यवस्था में संकीर्ण मुद्रा यानी एम-1 और पीरियाडिक लेबर फोर्स सर्वे (पीएलएफएस) के तहत वर्तमान साप्ताहिक स्थिति की संदर्भ अवधि से जुड़ा सवाल था। गणित में माध्यिका और प्रतिशत पर आधारित प्रश्न भी शामिल रहे।

खेल एवं समसामयिक घटनाओं में मलेशिया स्क्वैश जूनियर ओपन में भारतीय अंडर-17 खिलाड़ी के प्रदर्शन और वर्ष 2036 के ओलिंपिक की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी से संबंधित सवाल पूछे गए।

कुल मिलाकर प्रश्नपत्र में विषयों का व्यापक दायरा देखने को मिला। कुछ प्रश्न सीधे जानकारी पर आधारित थे, जबकि कई सवालों के लिए विषय की बुनियादी अवधारणाओं को समझना जरूरी था। सुबह की पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक आयोजित हुई। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।