करोड़ों के STP का विकल्प ₹2000 का देसी वॉटर फिल्टर सिस्टम! इसे तैयार करने वाले UP के छात्रों को प्रिंस विलियम से मिला सम्मान
मेरठ के दो स्कूली छात्रों वेदांत अग्रवाल और तीर्थराज चटर्जी ने मात्र 2000 रुपये में पानी साफ करने वाला एक ...और पढ़ें

ब्रेंज एडु वर्ल्ड स्कूल के छात्रों वेदांत अग्रवाल और तीर्थराज चटर्जी को सम्मानित करते ब्रिटेन के प्रिंस विलियम साथ में शिक्षक विवेक भारद्वाज, मॉडल के साथ वेदांत-तीर्थराज और प्रिंसेस कैथरीन से वार्ता करते दोनों छात्र। साै. संस्था
HighLights
मेरठ के ब्रेंज एडु वर्ल्ड स्कूल के छात्रों वेदांत अग्रवाल और तीर्थराज चटर्जी ने बनाया जल शोधन मॉडल।
अर्थशाट प्राइज में मिला दूसरा स्थान, मुम्बई में ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने किया सम्मानित।
महंगे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का सस्ता विकल्प तैयार करने की दिशा में काम, प्रदूषित नालों और नदियों को करेगा साफ।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े-बड़े दावे और करोड़ों रुपये की योजनाएं बनाने के बीच मेरठ के दो स्कूली छात्रों ने महज 2000 रुपये की लागत से पानी को प्रदूषण मुक्त करने का एक ऐसा माॅडल तैयार किया है, जो भविष्य में नालों और नदियों के प्रदूषित पानी को साफ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
इस नवाचार के लिए ब्रेंज एडु वर्ल्ड स्कूल के छात्रों वेदांत अग्रवाल और तीर्थराज चटर्जी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। दोनों ने मुंबई में आयोजित अर्थशाट प्राइज के भारतीय स्कूल स्तरीय आयोजन में अपनी श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया है।
उन्हें रनरअप के रूप में 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। खास बात यह रही कि ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन ने स्वयं छात्रों से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। छात्रों के प्रमाणपत्र पर प्रिंस विलियम ने उनके सामने हस्ताक्षर भी किए।
कक्षा 11 के छात्र वेदांत अग्रवाल और उनके साथी तीर्थराज ने अपने मेंटर एवं स्कूल के भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष विवेक भारद्वाज के मार्गदर्शन में यह प्रोजेक्ट तैयार किया है। दोनों का उद्देश्य ऐसे कम लागत वाले फिल्टर सिस्टम का विकास करना है, जिसे छोटी नालियों से लेकर बड़े जल निकायों तक में उपयोग किया जा सके।
छात्रों का दावा है कि उनका माडल पानी में मौजूद कई तरह के हानिकारक तत्वों को सोखकर अलग कर सकता है। इसकी खासियत यह है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री अपेक्षाकृत सस्ती है और फिल्टर को बार-बार बदलने की जरूरत भी नहीं पड़ती।
लाखों-करोड़ों के प्लांट के विकल्प पर काम
वेदांत के अनुसार, सामान्य सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित करने में लाख से लेकर करोड़ रुपये से भी अधिक खर्च होते हैं। ऐसे में छोटे कस्बों, गांवों और नालों के लिए पानी साफ करने की व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने एक ऐसा सिस्टम तैयार करने की दिशा में काम किया, जिसकी शुरुआती लागत लगभग 2000 रुपये है।
छात्रों ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंटर फार एनवायरनमेंटल मैनेजमेंट आफ डिग्रेडेड इकोसिस्टम्स से जुड़े प्रोफेसर डा. यासिर अराफात से भी इस संबंध में चर्चा की। प्रोफेसर ने उनके माॅडल का अध्ययन कर सुझाव दिया कि इसे कंस्ट्रक्टेड वेटलैंड तकनीक के साथ जोड़कर और प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस तकनीक में जलीय पौधों की मदद से पानी को प्राकृतिक तरीके से साफ किया जाता है। हालांकि, इस प्रक्रिया में भी अमोनिया और फास्फोरस जैसे कुछ प्रदूषक पूरी तरह नहीं हट पाते। छात्रों का माॅडल इन कमियों को दूर करने में सहायक हो सकता है।
चार चरणों में काम करता है फिल्टर सिस्टम
छात्रों ने अपने माडल में पहले चरण में ऐसे फिल्टर और अवरोधक लगाए हैं, जो पानी के साथ बहकर आने वाले ठोस कचरे और तलछट को रोकते हैं। इसके बाद पानी को विशेष रासायनिक और प्राकृतिक अवशोषक पदार्थों से गुजारा जाता है।
इसमें मुख्य रूप से तीन पदार्थों का इस्तेमाल किया गया है।
- जियोलाइट : पानी में मौजूद अमोनिया जैसे प्रदूषकों को सोखने में मदद करता है।
- फेरिक आक्साइड : पानी में मौजूद फास्फोरस और कुछ अन्य प्रदूषकों को हटाने में उपयोगी है।
- बायोचार : कोयले जैसी कार्बनयुक्त सामग्री को आक्सीजन की अनुपस्थिति में अत्यधिक तापमान पर गर्म करके तैयार किया जाता है। इस प्रक्रिया से इसमें छोटे-छोटे छिद्र बन जाते हैं। ये छिद्र पानी में मौजूद कीटनाशकों और अन्य हानिकारक पदार्थों को अपने भीतर रोक लेते हैं।
छात्रों ने बताया कि फिल्टर में टाइटेनियम डाइआक्साइड नामक सफेद रंग का पाउडर भी इस्तेमाल किया गया है। यह सूर्य के प्रकाश की मदद से कुछ प्रदूषकों के विघटन में सहायक होता है। इससे फिल्टर की कार्यक्षमता लंबे समय तक बनी रह सकती है। वेदांत के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में फिल्टर को एक-दो महीने में साफ करने की जरूरत पड़ सकती है, लेकिन टाइटेनियम डाइआक्साइड के इस्तेमाल से इसकी सफाई का अंतराल दो से तीन साल तक बढ़ाने का लक्ष्य है।
फिल्टर में फंसे कुछ पदार्थों को पानी से अलग करने के लिए मैन्युअल व्यवस्था भी रखी गई है। छात्रों के मुताबिक, जो पदार्थ पानी में घुलनशील अवस्था में होते हैं, उनके विघटन के बाद कुछ अवशेष अघुलनशील होकर सतह पर आ सकते हैं। इन्हें जाल की मदद से निकाला जा सकता है। इसके लिए प्रतिदिन एक कर्मचारी द्वारा सफाई की व्यवस्था की जा सकती है।
10-10 मीटर की दूरी पर लगाए जाएंगे फिल्टर
इस माडल की एक और विशेषता इसका चरणबद्ध उपयोग है। छात्रों के अनुसार, सभी फिल्टर एक ही स्थान पर लगाने के बजाय उन्हें नाले या जलधारा में कुछ दूरी के अंतर पर लगाया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर, पहला फिल्टर लगाने के करीब 10 मीटर बाद दूसरा और फिर आगे इसी तरह अन्य फिल्टर लगाए जा सकते हैं। इससे पानी को अलग-अलग चरणों में साफ होने का समय मिलेगा।
फिलहाल यह माडल छोटी नालियों और कम मात्रा में बहने वाले पानी के लिए विकसित किया गया है। छात्रों का कहना है कि इसकी क्षमता और आकार को बढ़ाकर बड़ी जलधाराओं और नदियों में भी इस्तेमाल करने की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं।
छिलौरा गांव के प्रदूषित पानी पर किया प्रयोग
इस प्रोजेक्ट की शुरुआत केवल किताबों में पढ़ी समस्या से नहीं हुई, बल्कि छात्रों ने गांवों में जाकर प्रदूषण की वास्तविक स्थिति को समझने का प्रयास किया। वेदांत और तीर्थ राज छिलौरा गांव पहुंचे और वहां के सरपंच से बातचीत की। इस दौरान उन्हें पता चला कि गांव में पहले लगभग 15 फीट की गहराई पर साफ पानी उपलब्ध हो जाता था, लेकिन अब लोगों को साफ पानी के लिए 250 फीट तक बोरिंग करानी पड़ रही है।
गांव के लोगों ने छात्रों को बताया कि खेतों में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशकों और रासायनिक पदार्थों के कारण पानी की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। फसलों को बचाने के लिए कई किसान खतरनाक कीटनाशकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बातचीत में सल्फास जैसे जहरीले पदार्थ के इस्तेमाल की बात भी सामने आई।
तीर्थ राज के अनुसार, इस स्थिति का असर केवल भूजल पर ही नहीं पड़ रहा, बल्कि खेतों से बहकर नालों में पहुंचने वाला पानी भी प्रदूषित हो रहा है। इससे जलीय जीवों और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ ही खाद्य सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ती है।
इसके बाद छात्रों ने गांव के खेतों से बहकर आ रहे पानी के नमूने एकत्र किए। पहले उनकी प्रयोगशाला में जांच कराई गई। जांच में सल्फर, फास्फोरस और कीटनाशकों से संबंधित प्रदूषकों की अधिक मात्रा सामने आई। इसके बाद पानी को अपने विकसित किए गए फिल्टर सिस्टम से गुजारा गया। दोबारा जांच कराने पर इन प्रदूषकों की मात्रा में काफी कमी देखने को मिली।
इससे पहले छात्रों ने अपनी प्रयोगशाला में लेड (सीसा) की घुलनशीलता पर भी परीक्षण किया था। उनके मुताबिक, माडल से पानी को गुजारने के बाद उसमें लेड की मात्रा काफी कम पाई गई। इन शुरुआती प्रयोगों ने छात्रों को अपने माडल को और विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ने दिया तकनीकी सुझाव
प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डा. यासिर अराफात का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। करीब दो सप्ताह पहले छात्रों ने उनसे मुलाकात कर अपने माडल की कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने छात्रों को कंस्ट्रक्टेड वेटलैंड तकनीक के बारे में जानकारी दी और बताया कि जलीय पौधों के माध्यम से भी प्रदूषित पानी को साफ किया जा सकता है।
चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि दोनों तकनीकों को एक साथ इस्तेमाल करने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। जहां कंस्ट्रक्टेड वेटलैंड प्राकृतिक तरीके से पानी को साफ करने में मदद करेगा, वहीं छात्रों का फिल्टर सिस्टम अमोनिया, फास्फोरस और कीटनाशकों जैसे प्रदूषकों को हटाने में अतिरिक्त भूमिका निभा सकता है।
15 हजार स्कूलों में से चुने गए 15 स्कूल
अर्थशाट प्राइज की इस पहल में देशभर के स्कूली विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए नए विचार और समाधान प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। छात्रों के मुताबिक, इस आयोजन के लिए करीब 15 हजार स्कूलों को आमंत्रित किया गया था। इनमें से लगभग एक हजार प्रोजेक्ट प्राप्त हुए। चयन प्रक्रिया के बाद देशभर से 15 स्कूलों की टीमों को अंतिम चरण के लिए चुना गया।
इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें केवल दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों के प्रतिष्ठित स्कूलों को ही अवसर नहीं मिला, बल्कि मेरठ और बलरामपुर जैसे छोटे शहरों और अपेक्षाकृत ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों की प्रतिभाओं को भी मंच दिया गया।
वेदांत और तीर्थ की टीम को 'प्रोटेक्ट एंड रिस्टोर द नेचर' (प्रकृति का संरक्षण और पुनर्स्थापन) श्रेणी में दूसरा स्थान मिला। इसके लिए उन्हें 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया।
तमिलनाडु के छात्रों को मिला पहला स्थान
छात्रों ने बताया कि प्रतियोगिता में तमिलनाडु की एक टीम को पहला स्थान मिला। उस टीम ने कागज के बैग को पानी और नमी से खराब होने से बचाने के लिए उसमें क्रेयान की वैक्स कोटिंग की थी। इससे बैग में गीली वस्तुएं भी रखी जा सकती थीं और कागज जल्दी खराब नहीं होता था।
टीम ने पंचायत से संपर्क कर अपने गांव में इस तरह के बैग का इस्तेमाल बढ़ाने का प्रयास किया। सीमित संसाधनों के बावजूद स्थानीय स्तर पर किए गए इस प्रयास को प्रतियोगिता में सराहना मिली। टीम को दो लाख रुपये का अनुदान दिया गया और प्रिंस विलियम ने स्वयं मंच पर उन्हें सम्मानित किया।
वेदांत ने बताया कि प्रतियोगिता में आयोजकों का उद्देश्य केवल अत्याधुनिक तकनीक या महंगे उपकरण बनाने वाले प्रोजेक्ट चुनना नहीं था, बल्कि यह देखना भी था कि सीमित संसाधनों में बच्चों ने समाज और पर्यावरण के लिए कितना वास्तविक काम किया है।
पुरस्कार राशि से बड़े स्तर पर माॅडल विकसित करने की तैयारी
मेरठ लौटने के बाद अब दोनों छात्र अपने प्रोजेक्ट को प्रयोगशाला से बाहर वास्तविक परिस्थितियों में बड़े स्तर पर लागू करने की तैयारी कर रहे हैं। वे सबसे पहले अपने स्कूल के आसपास की नालियों में इसका परीक्षण करना चाहते हैं। इससे उन्हें पता चलेगा कि उनका सिस्टम एक निश्चित समय में कितना पानी साफ कर सकता है और अधिक पानी के प्रवाह के लिए इसके आकार और क्षमता में कितना बदलाव करना होगा।
इसके बाद आबू नाले और फिर बड़ी जलधाराओं में इसके इस्तेमाल की संभावनाओं का अध्ययन किया जाएगा। मुंबई में मिले 50 हजार रुपये के पुरस्कार का उपयोग भी इसी दिशा में माडल को बड़े स्तर पर तैयार करने में किया जाएगा।
छात्रों का मानना है कि किसी शहर की नदी या नाले को साफ करने के लिए एक स्थान पर बड़ा प्लांट लगाने के बजाय कई छोटे और कम लागत वाले फिल्टर अलग-अलग स्थानों पर लगाए जा सकते हैं। इससे प्रदूषण को उसके स्रोत के आसपास ही नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।
'कुछ नया बनाना ही नहीं, लोगों पर असर डालना भी जरूरी'
इस उपलब्धि से वेदांत और तीर्थ ने केवल तकनीकी अनुभव ही हासिल नहीं किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी को समझने का नया नजरिया भी विकसित किया है।
वेदांत का कहना है कि इस पूरी यात्रा से उन्होंने सीखा कि जीवन में हमेशा कुछ बिल्कुल नया या दुनिया बदल देने वाला आविष्कार करना ही जरूरी नहीं है। असली महत्व इस बात का है कि आपके काम से आम लोगों के जीवन में कितना बदलाव आया।
उन्होंने तमिलनाडु की टीम का उदाहरण देते हुए बताया कि उस टीम ने करीब 20 हजार लोगों को प्रदूषण के कारणों और उसे रोकने के उपायों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कोई बड़ी मशीन या नई तकनीक नहीं बनाई, लेकिन अपने क्षेत्र को पालीथिन मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया।
वेदांत के अनुसार, प्रतियोगिता ने उन्हें यह समझाया कि किसी भी नवाचार की सफलता केवल उसकी तकनीक या लागत से तय नहीं होती, बल्कि समाज और पर्यावरण पर पड़ने वाले उसके वास्तविक प्रभाव से तय होती है।
विवेक भारद्वाज के मार्गदर्शन में तैयार हुआ प्रोजेक्ट
इस पूरे प्रोजेक्ट को छात्रों ने अपने स्कूल के भौतिक विज्ञान विभागाध्यक्ष और मेंटर विवेक भारद्वाज के मार्गदर्शन में विकसित किया। प्रोजेक्ट तैयार करने से लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण, गांव में जाकर समस्या समझने, विशेषज्ञों से सलाह लेने और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रस्तुति देने तक की पूरी प्रक्रिया में दोनों छात्रों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कक्षा 11वीं के वेदांत अग्रवाल पीएल शर्मा रोड और तीर्थ राज शास्त्रीनगर के निवासी हैं। दोनों का कहना है कि पुरस्कार मिलना उनके लिए गर्व की बात है, लेकिन इससे भी बड़ी उपलब्धि यह है कि उनके विचार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुना और सराहा गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।