विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP STF का हिमाचल में बड़ा एक्शन: सोलन में नामी कंपनियों के नाम पर तैयार करोड़ों की नकली दवाएं बरामद

By Lokesh Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 19 Nov 2026 04:19 PM (IST)

एसटीएफ ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में करोड़ों रुपये की नकली दवा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जिसमें नामी कंपनियों के ...और पढ़ें

सोलन में  ब्रांडेड दवा कंपनियों की इस तरह छापी जा रही थी पैकिंग सामग्री। सौ. एसटीएफ

सोलन में  ब्रांडेड दवा कंपनियों की इस तरह छापी जा रही थी पैकिंग सामग्री। सौ. एसटीएफ

HighLights

  1.  मेरठ, लखनऊ और वाराणसी एसटीएफ व एफएसडीए की संयुक्त कार्रवाई।

  2. दवा निर्माण, पैकिंग और छपाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनें व उपकरण भी बरामद।

जागरण संवाददाता, मेरठ। नकली दवाओं के कारोबार पर यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। एसटीएफ की लखनऊ, मेरठ और वाराणसी यूनिट ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) के साथ हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में छापा मारकर नामी कंपनियों के नाम पर तैयार करोड़ों रुपये की नकली दवाएं बरामद की। मौके से दवा निर्माण, पैकिंग और छपाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनें व उपकरण भी मिले। कार्रवाई में सहारनपुर के दो और सोलन के एक युवक को पकड़ा गया।

मेरठ एसटीएफ के एएसपी बृजेश सिंह ने बताया कि सहारनपुर के चिलकाना से मिली सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई थी। सूचना थी कि प्रतिजैविक, तंत्रिका तंत्र संबंधी और गैस की समस्या में इस्तेमाल होने वाली महंगी व अधिक मांग वाली दवाओं की बड़े पैमाने पर नकल की जा रही है। इनमें पैन-डी कैप्सूल, प्रेसिज-300 कैप्सूल (प्रेगाबालिन), सी-एजेड (सेफिक्सिम और एजिथ्रोमाइसिन), ए-सिपेक्स-625 (एमोक्सिसिलिन और पोटैशियम क्लैवुलनेट) तथा न्यूरो-300 (प्रेगाबालिन) शामिल हैं।

जीरोडोल एसपी, मांटिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवेम 625, शेलकाल 500 और टैक्सिम ओ 200 से जुड़ी सामग्री भी मिली। जांच में इनमें से कई दवाएं नकली पाई गई। इसके बाद एसटीएफ की तीनों इकाइयों और एफएसडीए आयुक्त डा. रोशन जैकब के साथ नालागढ़ तहसील के राजपुरा, खेड़ा बाईपास स्थित कई फैक्ट्रियों में छापेमारी की गई। वहां ब्लिस्टर पैकिंग, एल्यूमिनियम पैकिंग, कैप्सूल भरने और वजन मापने की मशीनें मिलीं। दवाओं के पैकेट के लिए छपी फाइलें और स्टीरियो छपाई के उपकरण भी बरामद हुए।

फैक्ट्री में दवाओं के निर्माण और ब्रांडेड पैकेट तैयार करने का काम हो रहा था। उन्होंने बताया कि एसटीएफ मेरठ यूनिट ने चिलकाना निवासी रिहान और वसीम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि नकली दवाएं सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ के खैरनगर, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बरेली, वाराणसी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में भेजी जा रही थीं। उनकी निशानदेही पर जनपद सोलन में छापेमारी हुई। देर रात कार्रवाई जारी थी और एसटीएफ नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।