मेरठ में शेल कंपनियों से विदेश भेजे 187 करोड़, दो CA समेत तीन पर मुकदमा दर्ज
आयकर विभाग ने शेल कंपनियों के जरिए 187 करोड़ रुपये विदेश भेजने के दो बड़े मामलों का खुलासा किया है। इन मामलों में दो चार्टर्ड अकाउंटेंट और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ फर्जी दस्तावेज व बिना सत्यापन के फॉर्म 15सीबी जारी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
शेल कंपनियों से 187 करोड़ रुपये विदेश भेजे गए।
दो चार्टर्ड अकाउंटेंट और एक महिला पर केस दर्ज।
फर्जी दस्तावेज और फॉर्म 15सीबी का हुआ दुरुपयोग।
जागरण टीम, मेरठ। शेल (फर्जी) कंपनियों के जरिये सीए की मदद से करोड़ों रुपये विदेश भेजने के दो अलग-अलग मामलों में आयकर विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दोनों मामलों में फर्जी दस्तावेज और बिना सत्यापन के जारी किए गए फार्म 15सीबी का सहारा लेकर करीब 187 करोड़ रुपये राशि सिंगापुर, हांगकांग व अन्य देशों में भेजी गई।
गाजियाबाद में सीए अमित मेहरा ने तीन साल के दौरान फर्जी कंपनियों से 165 करोड़ रुपये सिंगापुर और हांगकांग भेजे। 18 अगस्त को सीए के फ्लैट पर हुई छापेमारी में फर्जी कंपनियों के दस्तावेज और फार्म 15सीबी बरामद हुए। पूछताछ में सीए ने स्वीकार किया कि वह दिल्ली की नविता कुमारी के कहने पर पिछले तीन वर्षों से रुपये विदेश भेज रहा था।
आगरा आयकर विभाग के उपनिदेशक डॉ. मनोज कुमार की शिकायत पर 23 अगस्त को सीए अमित मेहरा और नविता कुमारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
आगरा में आयकर विभाग की अन्वेषण शाखा ने फर्जीवाड़ा उजागर करते हुए चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) रेहान खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। 18 अगस्त को आयकर विभाग ने सीए रेहान खान के ठिकानों पर छापेमारी की थी।
जांच में पाया गया कि शिपिंग, टेलीकम्युनिकेशन और आइटी सेवाओं से जुड़ी 18 अस्तित्वहीन कंपनियों के जरिये 22.12 करोड़ रुपये विदेश भेजे गए। सीए ने बिना आवश्यक प्रपत्रों और पैसे भेजने वालों का सत्यापन किए फार्म 15सीबी जारी कर दिए थे। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के अनुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
ये है फार्म 15 सीबी
फॉर्म 15 सीबी चार्टर्ड एकाउंटेंट द्वारा जारी कर निर्धारण प्रमाण पत्र है। यह तब जारी होता है जब भारत से किसी अनिवासी या विदेशी कंपनी को वित्तीय वर्ष में पांच लाख से अधिक का ऐसा भुगतान किया जाता है जो कर योग्य है। यह फार्म टीडीएस दरों और दोहरे कराधान से बचाता है।
देश भर में बड़े पैमाने पर भेजा गया पैसा
आयकर विभाग ने खुफिया जानकारी, विदेशी मुद्रा प्रेषण से संबंधित आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर तीन वर्षों में बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा भेजने वाली कई संदिग्ध संस्थाओं की पहचान की। फर्जी दान के बदले फर्जी प्रविष्टियां करने में शामिल फर्जी धर्मार्थ ट्रस्टों के नाम सामने आए।
18 अगस्त को आयकर विभाग ने 394 संस्थाओं और 36 पेशेवर के यहां एक साथ देशव्यापी जांच शुरू की। पेशेवरों ने बिना उचित जांच पड़ताल के फर्मों व संस्थाओं को फार्म 15 सीबी जारी किए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।