Move to Jagran APP

मुजफ्फरनगर: जिला पंचायत अध्यक्ष पर फैसला आज, दांव पर केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान व विपक्ष की प्रतिष्‍ठा

मुजफ्फरनगर के प्रथम नागरिक का ताज किसके सिर बंधेगा इसका निर्णय शनिवार दोपहर बाद हो जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से डॉ वीरपाल निर्वाल व विपक्ष से सत्येंद्र बालियान मैदान में है। वहीं दांव पर केंद्रीय मंत्री व विपक्ष की प्रतिष्‍ठा लगी हुई है।

By Himanshu DwivediEdited By: Published: Sat, 03 Jul 2021 11:34 AM (IST)Updated: Sat, 03 Jul 2021 11:34 AM (IST)
मुजफ्फरनगर में जिला पंचायत चुनाव के लिए होगी वोटिंग।

जागरण संवाददाता मुजफ्फरनगर। जिले के प्रथम नागरिक का ताज किसके सिर बंधेगा इसका निर्णय शनिवार दोपहर बाद हो जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से डॉ वीरपाल निर्वाल व विपक्ष से सत्येंद्र बालियान मैदान में है। मतदान और मतगणना के लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। कलेक्ट्रेट में अभेद्य सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। शनिवार सुबह 11 बजे से मतदान और दोपहर तीन बजे से मतगणना होगी।

loksabha election banner

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए काफी दिनों से भाजपा और विपक्ष के बीच सियासी सरगर्मी चल रही थी। 43 जिला पंचायत सदस्य शनिवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। भाजपा से नमामि गंगे के प्रदेश सह संयोजक और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ वीरपाल निर्वाल मैदान में हैं, वही विपक्ष से केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान के तेहरे भाई सत्येंद्र बालियान किस्मत आजमा रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य के चुनाव के बाद से सदस्यों के पाला बदलने का क्रम नियमित चलता रहा। खासकर मुस्लिम जिला पंचायत सदस्य कभी भाजपा खेमे में तो कभी विपक्ष के साथ दिखाई दिए। यहां तक कि सपा के पदाधिकारी भी अपने घर के सदस्य को भाजपा में जाने से नहीं रोक पाए।

दोनों पक्ष कर रहे अपनी जीत की दावेदारी : भाजपा और विपक्ष दोनों ही खेमे जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत की दावेदारी कर रहे हैं। भाजपा अपने पक्ष में 28 जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन बता रहे हैं, वहीं विपक्ष भी इसी आंकड़े को अपने पक्ष में दोहरा रहा है। विपक्ष ने भाजपा पर जिला पंचायत सदस्य तोड़ने का आरोप भी लगाया है। दो दिन पूर्व भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत सत्येंद्र बालियान के साथ डीएम और एसएसपी से मिले थे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष चुनाव की मांग की थी।

बालियान व विपक्ष की प्रतिष्ठा दांव पर: पांच साल पहले केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने सियासी रणनीति से सत्ताधारी सपा को पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में चित कर दिया था। उनकी कूटनीति से आंचल जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं और 5 साल का कार्यकाल पूरा किया। इस बार भी डॉक्टर बालियान के सामने चुनौती कम नहीं है। विपक्ष के प्रत्याशी सत्येंद्र बालियान उनके तेहरे भाई हैं, जबकि भाजपा की ओर से डॉ वीरपाल निर्वाल प्रत्याशी हैं। वैसे तो डॉ बालियान भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में है और कई सदस्य तोड़कर उन्होंने भाजपा में शामिल किए हैं।

हिल स्टेशन पर विधायक के साथ जिला पंचायत सदस्य

खतौली विधायक विक्रम सैनी ने अपनी फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड किया है, जिसमें विधायक के कई जिला पंचायत सदस्य पहाड़ी क्षेत्र में सैर कर रहे हैं। इससे स्पष्ट है कि जिला पंचायत सदस्य विधायक के साथ पहाड़ी क्षेत्र में ठहरे हुए हैं। संभवत शुक्रवार की रात वे जनपद में आ जाएंगे। वीडियो में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान के भाई विवेक बालियान व सत्यव्रत बालियान भी दिखाई दे रहे हैं।

विपक्ष में चलती रही थी कशमकश

सत्येंद्र बालियान को लेकर विपक्ष शुरुआत में एकमत नहीं था। आजाद समाज पार्टी और सपा ने प्रेस वार्ता कर तहसीन बानो के नाम की घोषणा की थी, जिस पर भाकियू और रालोद ने आपत्ति जताई थी। दोनों दल सत्येंद्र बालियान को प्रत्याशी बनाना चाह रहे थे। इस पर सपा व आजाद समाज पार्टी को एतराज था। बाद में चौधरी नरेश टिकैत ने सिसौली स्थित अपने आवास पर पंचायत कर सत्येंद्र बालियान व तहसीन बानो को संयुक्त प्रत्याशी घोषित किया। ऐलान किया था कि यदि विपक्ष जीतता है तो ढाई ढाई साल के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष बनेंगे। दोनों प्रत्याशियों ने इस पर सहमति जताई थी। डॉ वीरपाल निर्वाल व सत्येंद्र बालियान के साथ ही तहसीन बानो ने भी नामांकन किया था, लेकिन नामांकन पत्र में खामियों के चलते उनका नामांकन प्रशासन ने रद्द कर दिया था। जिस पर सपा व रालोद ने कचहरी में प्रदर्शन किया था।

कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय न्यायालयों में अवकाश

डीएम सेल्वा कुमारी जे के अनुमोदन के क्रम में मतदान एवं मतगणना कार्य में कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए तीन जुलाई को पूर्वान्ह 11 बजे से सांय चार बजे तक कलक्ट्रेट स्थित कार्यालयों एवं न्यायालयों में अवकाश घोषित किया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.