किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से न छूटे, मेरठ में वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश
UP Assembly Elections 2027: मेरठ में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग ने 18 जनपदों की यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों की समीक्षा की।

ऊर्जा भवन के सभागार में बैठक करते वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग (दाएं से तीसरे) और प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा (दाएं से चौथे)। सौ. सूचना विभाग
HighLights
जिलों का प्रजेंटेशन देखकर बोले, चुनाव के किसी भी काम में न रहे कोई कमी।
सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल के अधिकारी बैठक में रहे मौजूद।
जागरण संवाददाता, मेरठ। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां की जा रही हैं। आज 18 जनपदों की तैयारियों की समीक्षा की गई। छूटे और नए मतदाताओं के लिए विशेष मतदाता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
12 नवंबर से मतदाता सूची का एक महीने का विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा। इन सभी अभियान को पारदर्शिता से कराने तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से न छूटने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों और मतदान बूथों की निर्धारण प्रक्रिया को पूरा किया जा चुका है।
आयोग की टीम ने मेरठ में की समीक्षा
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को परखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने अपना अभियान शुरू कर दिया है। सबसे पहले आयोग की टीम सोमवार को वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग के नेतृत्व में मेरठ पहुंची।
यहां ऊर्जा भवन से सभागार में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल के 18 जनपदों के डीएम, एसएसपी के साथ सभी मंडलों के मंडलायुक्त, डीआइजी और अन्य अधिकारियों के साथ उन्होंने विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के साथ प्रदेश के निर्वाचन कार्यालयों के अधिकारियों की टीम भी इस दौरान मौजूद रही।बैठक में एक-एक जनपद ने अपनी तैयारियों का प्रजेंटेशन दिया ।जिसमें सुधार के निर्देश दिए गए।समीक्षा बैठक देर रात तक जारी थी।
मीडिया से वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने बताया कि समीक्षा में चुनाव से संबंधित सभी कार्यों और उनकी तैयारियों के संबंध में जानकारी ली गई।
ईवीएम की उपलब्धता, मतदाता जागरूकता के कार्यक्रमों का आयोजन, मतदान और मतगणना के लिए कर्मियों की उपलब्धता, उनका प्रशिक्षण, कानून व्यवस्था और सुरक्षा का पूरा आकलन किया गया है। प्रत्येक मतदाता का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा।
इन सभी अभियानों को सभी विभागों द्वारा समन्वय और पारदर्शिता के साथ संचालित करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को कहा गया है कि किसी भी पात्र और नए मतदाता का नाम सूची में शामिल होने से छूट न पाए।
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान 12 नवंबर से
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में सभी जनपदों में मतदान केंद्रों मतदान बूथों के निर्धारण का कार्य पूरा कर लिया गया है। सभी डीएम ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके उसे अंतिम रूप दे दिया गया। अब 12 नवंबर से मतदाता सूची का एक महीने का विशेष सक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा।
आलेख्य मतदाता सूची 12 नवंबर को प्रकाशित करके उसपर दावे और आपत्तियां मांगी जाएंगी। सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां और बीएलओ आलेख्य मतदाता सूची के साथ उपलब्ध होंगे। उन्होंने अपील की कि सभी पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन करें। आपत्ति और संशोधन भी समय से करा लें। चार जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।