Assistant Professor Exam: लियोनेल मेसी का विदाई मैच, बंगाल विभाजन और मोबाइल कांग्रेस... परीक्षा में पूछे गए ऐसे कई सवाल
Assistant Professor Exam 2026: मेरठ में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की असिस्टेंट प्रोफेसर लिखित परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई। सामान्य ज्ञान खंड में चर्चित मुद्दों, इतिहास और खेल से संबंधित सवाल पूछे गए।

पीएमश्री राजकीय इंटर काॅलेज मेरठ में आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा देकर निकलते अभ्यर्थी।
HighLights
दिल्ली, हरियाणा से अभ्यर्थी परीक्षा देने मेरठ पहुंचे।
सामान्य ज्ञान में चर्चित मुद्दों, इतिहास पर आधारित सवाल पूछे गए।
जागरण संवाददाता, मेरठ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज की ओर से सहायक आचार्य यानी असिस्टेंट प्रोफेसर की लिखित परीक्षा शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। सामान्य अध्ययन (GS) की परीक्षा में कई चर्चित मुद्दों और घटनाक्रमों से संबंधित सवाल पूछे गए।
परीक्षा में आए कुल 120 सवाल
परीक्षा में कुल 120 सवाल आए थे। इनमें से 30 सवाल सामान्य ज्ञान और 90 सवाल संबंधित विषय के थे। प्रत्येक सवाल के लिए तीन अंक निर्धारित किए गए हैं, जबकि गलत उत्तर देने पर एक अंक की कटौती का प्रावधान किया गया है।
सामान्य ज्ञान भाग की परीक्षा में कुल 30 सवाल पूछे गए। इनमें 7 से 10 अक्टूबर 2026 तक दसवां इंडिया मोबाइल कांग्रेस कहां आयोजित किया गया था, दूसरा सवाल था ब्रिटिश शासन के दौरान 1905 में बंगाल विभाजन किसने किया था, तीसरा सवाल था 6 अक्टूबर 2026 को अर्जेंटीना के लिए लियोनेल मेसी का विदाई मैच किसके विरुद्ध था। चौथा सवाल था भारत गणराज्य के पहले राष्ट्रपति कौन बने। इसी तरह के कई अन्य सवाल भी पूछे गए थे।
जिले में 17 केंद्रों पर हो रही परीक्षा
मेरठ जिले में असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा के लिए कुल 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। गुरुवार को कुल 24 विषयों में परीक्षा हुई, जबकि शुक्रवार को कुल 18 विषयों में परीक्षाएं हो रही हैं। सुबह की पाली में परीक्षा का समय सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक व दूसरी पाली का समय दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक रखा गया है।
सुबह की पाली में हिंदी व नागरिक शास्त्र समेत कई विषय की हुई परीक्षाएं
शुक्रवार को सुबह की पाली में हिंदी, नागरिक शास्त्र, मनोविज्ञान व शस्य विज्ञान समेत अन्य विषयों की परीक्षाएं हुईं। शुक्रवार को हो रही दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 13,552 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 5,946 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
उधर, परीक्षा के लिए पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ केंद्र पर मुरादाबाद, संभल, फिरोजाबाद, दिल्ली व हरियाणा तक से अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए आए। सुबह की पाली की परीक्षा के लिए सभी अभ्यर्थियों को सुबह जल्दी निकलना पड़ा। उनका कहना था कि यदि परीक्षा केंद्र नजदीक होते तो आसान रहता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।