बेकाबू कारों ने चढ़त के दौरान 16 बरातियों को रौंदा, दो महिलाओं की मौत Meerut News
रविवार की रात को एक दर्दनाक हादसे में दो तेज रफ्तार कारें चढ़त के दौरान बरातियों पर चढ़ गईं जिसमें दूल्हे की चाची और बुआ की मौत हो गई।
मेरठ, जेएनएन। दिल्ली हाईवे पर जिटौली के पास रविवार देर रात बेकाबू होकर दो कारें चढ़त के दौरान बरातियों पर चढ़ गईं, जिसमें दूल्हे की चाची और बुआ की मौत हो गई। 14 बराती गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के कारण जाम भी लग गया।
हाईवे पर हो रही चढ़त
मुजफ्फरनगर के भौराकलां में रहने वाले अंकित बालियान मेरठ के गणेशपुर में रहते हैं। अंकित की शादी विनती पुत्री विनोद से दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित दिल्ली-65 मंडप में हो रही थी। बरात पल्लवपुरम फेज वन से आई हुई थी। रात करीब साढ़े 11 बजे हाईवे पर चढ़त हो रही थी। तभी दिल्ली की तरफ से वैगनआर कार आ रही थी, जिसका संतुलन बिगड़ गया और और कार बरातियों पर चढ़ गई। उसके पीछे आ रही स्विफ्ट ने वैगनआर को टक्कर मार दी।
14 लोग गंभीर रूप से घायल
दोनों कार ने करीब 16 बारातियों को कुचल दिया, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई। 14 बराती घायल हो गए। मृतक महिलाओं की पहचान भौराकलां की ब्रह्मलता पत्नी विनोद और सरोज पत्नी विजेंद्र कुमार निवासी शाहदरा दिल्ली के रूप में हुई। ब्रह्मलता दूल्हे की चाची, जबकि सरोज बुआ है। अमित पुत्र किरण पाल निवासी भौराकलां, सुभाष पुत्र राजपाल निवासी खतौली, सतेंद्र पुत्र महावीर सिंह, शिवम पुत्र महक सिंह निवासीगण ऊन समेत 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बर्थ-डे पार्टी से लौट रहे दो दोस्तों की मौत
दिल्ली रोड पर सीएनजी पंप के पास अनियंत्रित दो बाइक आपस में भिड़ने के बाद खंभे और पेड़ से टकरा गई। हादसे में माधवपुरम निवासी अंकित और मलियाना निवासी आकाश की मौत हो गई। दोनों अपने दो अन्य साथियों के साथ बर्थ-डे पार्टी से लौट रहे थे। बाकी दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। आकाश की तीन माह पहले ही शादी हुई थी।