विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कहीं आपकी डिग्री कागज का टुकड़ा न रह जाए! एडमिशन से पहले जरूर चेक करें UGC के बताए ये 4 बिंदु

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 23 Nov 2026 07:28 PM (IST)

यूजीसी ने छात्रों और अभिभावकों को फर्जी विश्वविद्यालयों व बिना मान्यता वाले संस्थानों से सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रवेश से पहले संस्थानों की कानूनी मान्यता, डिग्री देने का अधिकार और नियामक संस्थाओं से अनुमोदन की जांच करने पर जोर दिया गया है।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. यूजीसी ने छात्रों को फर्जी विश्वविद्यालयों से सतर्क किया।

  2. प्रवेश से पहले संस्थान की कानूनी मान्यता जांचें।

  3. डिग्री और पाठ्यक्रम की वैधता सुनिश्चित करें।

जागरण संवाददाता, मेरठ। देश में फर्जी विश्वविद्यालयों और बिना वैधानिक मान्यता के शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित करने वाले संस्थानों को लेकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने छात्रों और अभिभावकों को सतर्क किया है।

आयोग ने सार्वजनिक एडवाइजरी जारी कर स्पष्ट किया है कि किसी भी शिक्षण संस्थान में प्रवेश लेने या उसके साथ शैक्षणिक एवं वित्तीय समझौता करने से पहले उसकी कानूनी मान्यता और डिग्री देने के अधिकार की जांच जरूर करें। केवल विज्ञापन, वेबसाइट या इंटरनेट मीडिया पर किए गए दावों के आधार पर संस्थान पर भरोसा करना छात्रों के भविष्य पर भारी पड़ सकता है।

यूजीसी ने यह एडवाइजरी सुप्रीम कोर्ट के नौ अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुपालन में जारी की है। मामला रिट याचिका (सिविल) संख्या 531/2025 से संबंधित है। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संस्थान की वास्तविक स्थिति की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करें।

एडवाइजरी में प्रवेश से पहले चार प्रमुख बिंदुओं की जांच करने की सलाह दी गई है।

  • पहला, संस्थान संबंधित कानूनों के तहत विधिवत स्थापित या मान्यता प्राप्त है अथवा नहीं।
  • दूसरा, उसे संबंधित पाठ्यक्रम संचालित करने और डिग्री या प्रमाणपत्र प्रदान करने का कानूनी अधिकार है या नहीं।
  • तीसरा, यूजीसी और अन्य संबंधित नियामक संस्थाओं से जरूरी अनुमोदन एवं स्वीकृति प्राप्त है या नहीं।
  • चौथा, जिस पाठ्यक्रम और अध्ययन पद्धति की पेशकश की जा रही है, वह वैधानिक रूप से अनुमन्य है या नहीं।

आयोग ने विशेष रूप से दूरस्थ शिक्षा, आनलाइन पाठ्यक्रम, आफ-कैंपस सेंटर और स्टडी सेंटर की वैधता जांचने पर जोर दिया है। कई बार संस्थान आकर्षक विज्ञापनों और बड़े-बड़े दावों के जरिए विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए आकर्षित करते हैं, लेकिन बाद में उनकी डिग्री की मान्यता को लेकर समस्या सामने आती है।

यूजीसी ने स्पष्ट किया है कि संस्थानों की मान्यता, संबद्धता और डिग्री देने के अधिकार से जुड़े दावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। इनकी स्वतंत्र रूप से यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट और संबंधित नियामक संस्थाओं के पोर्टल पर पुष्टि करें। आयोग ने अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध विश्वविद्यालयों की श्रेणीवार सूची देखने के साथ फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची भी जांचने की सलाह दी है।

यूजीसी समय-समय पर फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची जारी करता है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए दाखिले से पहले यह सूची देखना बेहद जरूरी है। आयोग ने सभी संबंधित संस्थाओं और अधिकारियों से इस एडवाइजरी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा है, ताकि विद्यार्थियों के शैक्षणिक और आर्थिक हितों की रक्षा की जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।