शुगर मिल के जीएम को बताया बड़ा भाई, बिल्डर को दी धमकी... X पर कुख्यात उधम सिंह की पोस्ट
कुख्यात उधम सिंह ने एक्स पर किनौनी शुगर मिल के जीएम केपी सिंह तेवतिया को अपना बड़ा भाई बताया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

ऊधम सिंह।
HighLights
उधम सिंह ने एक्स पर जीएम को बड़ा भाई बताया।
बिल्डर अंकुर शर्मा को 50 लाख की रंगदारी मांगी।
पुलिस ने जीएम की भूमिका की जांच तेज की है।
जागरण संवाददाता, मेरठ। कुख्यात उधम सिंह ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट प्रसारित कर किनौनी शुगर मिल के जीएम केपी सिंह तेवतिया को अपना बड़ा भाई बताया है। सात अक्टूबर को मिल में जीएम से हुई मुलाकात को भावनात्मक बताते हुए उसने दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं।
इतना ही नहीं, एसएसपी और एडीजी को भी शुभकामना संदेश भेजा है। दूसरी ओर, रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कराने वाले बिल्डर अंकुर शर्मा को लेकर भी पोस्ट में टिप्पणी की है। उधम सिंह ने मुकदमे के खिलाफ अदालत जाने की बात कही है। उसकी इस पोस्ट के बाद किनौनी मिल में हुई मुलाकात और जीएम की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है। साथ ही बिल्डर सुरक्षा को और बढ़ा दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सात अक्टूबर को उधम सिंह किनौनी शुगर मिल पहुंचा था और जीएम केपी सिंह तेवतिया के केबिन में काफी देर तक रुका था। उसकी मुलाकात के प्रमाण और वीडियो पुलिस के पास हैं। इसके बावजूद जीएम ने उधम सिंह के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
पूछताछ में उन्होंने उधम सिंह से दहशत होने की बात कही थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर उधम सिंह मिल तक कैसे पहुंचा और जीएम के साथ उसकी मुलाकात का मकसद क्या था। पुलिस को जीएम की भूमिका भी संदेह के दायरे में नजर आ रही है। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर जीएम को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है।
बिल्डर से मांगी थी 50 लाख की रंगदारी
पल्लवपुरम के विवेक विहार निवासी रियल एस्टेट कंपनी एसआर डेवलपर्स के पार्टनर अंकुर शर्मा ने आरोप लगाया है कि उधम सिंह के शूटर इनामउल्लाह ने उनके निर्माण कार्य में बाधा डालकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। आरोप है कि इनामउल्लाह ने खुद को उधम सिंह का शूटर बताते हुए रकम नहीं देने पर निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी दी थी।
अंकुर के मुताबिक, सात सितंबर 2026 की सुबह करीब नौ बजे वह आबूलेन स्थित पल्स जिम से निकलकर जली कोठी जा रहे थे। इसी दौरान दो गाड़ियों से उनका पीछा किया गया और फायरिंग की गई। हैरियर में बैठे तीन लोगों में से एक को उन्होंने उधम सिंह बताया। आरोप है कि उसने कार का शीशा खोलकर पिस्टल दिखाई और जल्द 50 लाख रुपये देने या जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अंकुर के कार्यालय में कारतूस के साथ धमकी भरा पत्र भी भेजा गया।
एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि उधम सिंह और इनामउल्लाह की तलाश में दबिश डाली जा रही है। अभी तक उनका कोई पता नहीं चल पाया, जबकि इनामउल्लाह भी फेसबुक पर आनलाइन है और उधम सिंह ने एक्स पर पोस्ट अपलोड की है। साथ ही बिल्डर को अप्रत्यक्ष तरीके से धमकी दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।