मेरठ में लूट के दौरान राहगीर को गोली मारी, बुलंदशहर में दो फौजी भाई भिड़े
मेरठ में लूटपाट के दौरान एक राहगीर को गोली मार दी गई जबकि बुलंदशहर में दो फौजी भाई भूमि विवाद लड़ गए और एक ने दूसरे को गोली मार दी।
मेरठ (जेएनएन)। मेरठ में लूटपाट के दौरान एक राहगीर को गोली मार दी गई जबकि बुलंदशहर में दो फौजी भाई भूमि विवाद लड़ गए और एक ने दूसरे को गोली मार दी। मेरठ कंकरखेड़ा क्षेत्र के मुरलीपुर गांव के रास्ते पर दो बाइक सवार पांच बदमाशों ने आधा दर्जन राहगीरों से लूटपाट की। पीडि़तों ने शोभापुर चौकी पर हंगामा करते हुए कार्रवाई की मांग की।
बदमाशों ने घिरने पर गोली मार दी
मुरलीपुर से करीब आधा किमी पहले ट्यूबवेल के पास दो बाइक सवार पांच बदमाशों ने भूपेंद्र शर्मा की रोक लिया और उनसे गन प्वाइंट पर 18 हजार रुपये लूट लिए। आकाश और शेखर ने विरोध किया तो उनको गोली मारने की धमकी देकर शांत कर दिया। आकाश ने बदमाशों का मुरलीपुर गांव के पास तक पीछा करते हुए शोर मचाया। इस बीच मुरलीपुर गांव निवासी शमशेर खेत से ट्रैक्टर पर अपने घर जा रहा था। शोर सुनकर उसने ट्रैक्टर बदमाशों को रोकने के लिए बीच सड़क पर खड़ा किर दिया। अपने को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी। एक गोली शमशेर के हाथ को चीरती निकल गई। घायल को नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर विनय कुमार का कहना है कि बदमाशों ने राहगीरों से लूटपाट की है। उनकी बाइक कब्जे में है। वह जल्द पकड़े जाएंगे।
जमीन को लेकर दो फौजी भाई भिड़े, एक को गोली मारी
बुलंदशहर में दो फौजी भाई जमीनी विवाद को लेकर एक दूसरे की जान के दुश्मन बन गए। विवाद इतना बढ़ा कि एक ने दूसरे को गोली मार दी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुलंदशहर के गांव गजरौला निवासी दो भाई सतीश और सुभाष फौज में हैं। दोनों दीपावली पर छुट्टी लेकर घर आये हैं। मंगलवार रात दोनों में जमीन के बंटवारे को लेकर कहासुनी हो गई। परिजनों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन देखते ही देखते हथियार निकल आए। छोटे भाई सतीश ने बड़े भाई सुभाष पर अपनी रिवाल्वर से गोली चला दी जो उसके पेट में जा घुसी। छोटी दीपावली पर इस घटना से घर में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन सुभाष को लेकर दिल्ली पहुंचे और एम्स में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी लेकिन अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।