जापान के क्रूज पर दो भारतीय भी कोरोना की चपेट में
जापान के योकोहामा बंदरगाह पर फंसे क्रूज डायमंड प्रिंसेज में बुधवार को 39 और यात्रियों में कोरोना वायरस मिला।
मेरठ, जेएनएन: जापान के योकोहामा बंदरगाह पर फंसे क्रूज डायमंड प्रिंसेज में बुधवार को 39 और यात्रियों में कोरोना वायरस मिला। दो भारतीय क्रू मेंबरों को भी संक्रमण हो गया है। मेरठ के पीयूष ने जापान में भारत के राजदूत अनिल कालरा से बातचीत के बाद जानकारी साझा की। इन दो मरीजों को मिलाकर कुल संक्रमित भारतीयों की संख्या छह तक पहुंच गई है।
मेरठ के पीयूष वशिष्ठ 25 जनवरी को हांगकांग से जापान गए थे, जहा उनके क्रूज में 61 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि से दुनियाभर में हड़कंप मच गया। अब मरीजों की संख्या 174 तक पहुंच चुकी है।
जापान की सेना ने जगह-जगह रखे ग्लव्स
सेना ने बुधवार को क्रूज में प्रवेश किया। दिनभर एंटी वायरल और एंटी बैक्टीरियल अभियान चलाया गया। हर कमरे के सामने टेबलों पर एंटी बैक्टीरियल विलयन रख दिए गए हैं। मरीजों के आसपास वालों को नए मास्क और दवाइया बाटी गई हैं। विशेषज्ञों के अनुसार समुद्री सीमा के आसपास आर्द्रता अधिक रहने से संक्रमण तेजी से फैलता है। हर व्यक्ति का चार से पाच बार बुखार मापा जा रहा है। संदिग्ध मरीजों को थर्मो स्कैनर से गुजारा जा रहा है। इस बीच यात्रियों को जहाज की छत पर जाने की इजाजत दे दी गई है। पीयूष के परिजनों ने भारतीय दूतावास से फिर गुहार लगाई है। वहीं, चिकित्सकों के अनुसार इस प्रकार के किसी भी वायरस से बचाव के लिए दिन में कई बार साबुन से हाथ धोने जरूरी हैं। साथ ही अपने आसपास साफ-सफाई से करके भी एहतियात बरती जा सकती है। इससे विभिन्न प्रकार की फैलने वाली बीमारियों से भी छुटकारा पाया जा सकता है।