कार में सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपितों को जेल भेजा, अभी दो हैं फरार Meerut News
मेरठ के मेडिकल क्षेत्र के सराय काजी में चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म की वारदात में पुलिस ने दो आरोपितों को जेल भेज दिया। दो आरोपितों को पुलिस तलाश रही है।
मेरठ, जेएनएन। मेडिकल क्षेत्र के सराय काजी में चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने दो आरोपितों को जेल भेज दिया। अभी दो आरोपित फरार हैं। उनके परिवार और रिश्तेदारों को उठाकर पूछताछ की जा रही है। आरोपित रजत ने बताया कि रिंकू ने ही महिला का फोन नंबर देकर आठ दिन पहले उनकी दोस्ती कराई थी। पुलिस ने पीडि़ता का 161 सीआरपीसी का बयान दर्ज कर लिया। उसकी हालत में सुधार होने पर अदालत में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
घर छोड़ने का दिया था झांसा
मेडिकल थाना क्षेत्र की रहने वाली पीडि़ता एक निजी अस्पताल में वार्ड आया है। उसके साथ जागृति विहार के रिंकू की दोस्ती थी। रिंकू से पीडि़ता का विवाद हो गया। इसके बाद माछरा निवासी रजत ने उससे दोस्ती कर ली। रिंकू ने ही रजत को आठ दिन पहले पीडि़ता का मोबाइल नंबर दिया था। रजत ने सोमवार को उसे कार से घर छोडऩे का झांसा दिया। रात करीब आठ बजे पीडि़ता को नर्सिंग होम के बाहर से कार में बैठा लिया।
सभी नशे में थे
कार में रजत के अलावा रिंकू, कार स्वामी वासु निवासी सेंट्रल मार्केट शास्त्रीनगर और भावनपुर निवासी विजय थे। सभी नशे में थे। सराय काजी में चलती कार में सभी ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। लहूलुहान हालत में पीडि़ता को सड़क किनारे फेंक कर चले गए। महिला के स्वजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस ने रजत और वासु का चालान कर दिया। रिंकू और विजय की तलाश की जा रही है।
इनका कहना है
फरार चल रहे दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है। कोर्ट में पीडि़ता के बयान दर्ज कराने के बाद मुकदमे में आरोप पत्र दाखिल कर दिया जाएगा।
- अजय साहनी, एसएसपी