Today In Meerut: मेरठ शहर में आज की हलचल, जानिए कहां पर क्या होंगे कार्यक्रम
शुक्रवार को प्रमुख सचिव मेरठ पहुंच गए थे। उनके साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आज शनिवार को भी कोविड अस्पतालों का हाल देखेगी तथा प्रशासनिक व अन्य विभागों के अफसरों के साथ बैठक करके सुधार के लिए दिशा निर्देश देगी।
मेरठ, जेएनएन। दिल्ली के साथ साथ मेरठ में भी कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर प्रदेश सरकार गंभीर है। मेरठ में संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने विशेष रूप से प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आलोक कुमार और वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम को भेजा है। शुक्रवार को प्रमुख सचिव मेरठ पहुंच गए थे। उनके साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम आज शनिवार को भी कोविड अस्पतालों का हाल देखेगी तथा प्रशासनिक व अन्य विभागों के अफसरों के साथ बैठक करके सुधार के लिए दिशा निर्देश देगी।
शहर में पेयजल के रूप में गंगाजल की आपूर्ति के लिए भोला झाल स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट आज नगर निगम की टीम निरीक्षण करेगी। गंगनहर की सफाई के कार्य के चलते पानी बंद था। जिसके चलते वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को भी बंद करना पड़ा था। अब सफाई के बाद उसे फिर से शुरू किया जाना है। चौधरी चरण सिंह विवि में बीएससी फिजिकल एजुकेशन में प्रवेश के लिए ट्रायल सुबह 8 बजे से होंगे। विश्वविद्यालय में ही बीपीएड और एमपीएड के शिक्षकों का भौतिक सत्यापन सुबह 10 बजे किया जाएगा।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग में चल रहे व्यास समारोह में आज वायु पुराण पर आनलाइन चर्चा की जाएगी। चौ. चरण सिंह विवि में परीक्षा समिति की बैठक शाम 3.30 बजे होगी। जिसमें विवि की परीक्षाओं को लेकर निर्णय लिए जाएंगे। भारत विकास परिषद शास्त्रीनगर शाखा द्वारा एसएस पब्लिक स्कूल मिशन कंपाउंड में जरूरतमंद लोगों को उपहार का वितरण दोपहर 12 बजे किया जाएगा। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर शनिवार दोपहर एक बजे किसानों की समस्या सुनने के लिए गंगानहर के पास स्थित जटपुरा गांव पहुंचेंगे। वैभव चैैंपियंस क्रिकेट ट्राफी के लिए शनिवार को पूल बी की टीमों के बीच मैच होगा।