माधवपुरम में फायरिग करने वाले तीन हमलावर मुठभेड़ में घायल
माधवपुरम में सरेबाजार फायरिग कर दहशत फैलाने वाले तीन हमलावरों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया जबकि उनका चौथा साथी भाग गया।
मेरठ, जेएनएन। माधवपुरम में सरेबाजार फायरिग कर दहशत फैलाने वाले तीन हमलावरों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका चौथा साथी भाग गया। पुलिस के मुताबिक वर्चस्व कायम करने के लिए चारों हमलावरों ने फायरिग की थी। जिसमें एक युवती गोली लगने से घायल हो गई थी।
तीन मार्च की शाम को माधवपुरम में चार युवकों ने सरेबाजार ताबड़तोड़ फायरिग की थी। इस दौरान एक दुकान से सामान लेकर लौट रही युवती कोमल मिश्रा के पेट में गोली लगने से घायल हो गई थी और कई दुकानों के शीशे टूट गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों हमलावरों की पहचान की थी। शनिवार सुबह ब्रह्मापुरी पुलिस सरस्वती लोक के पास चेकिंग कर रही थी। तभी दो बाइक पर सवार चारों हमलावरों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस पर फायरिग करते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिनकी पहचान वेदांत वर्मा निवासी मास्टर कालोनी ब्रह्मापुरी, अभय ठाकुर निवासी हरौड़ा गांव, थाना सिंभावली जिला हापुड़ और अनिकेत उर्फ शैंकी निवासी सूर्यापुरम के रूप में हुई। इनका चौथा साथी सचिन सैनी उर्फ कोबरा निवासी कृष्णापुरम मलियाना भाग गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि हमलावर व्यापारियों में दहशत फैलाकर वसूली करना चाहते थे। फरार आरोपित भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा। बदमाशों के कब्जे से एक पिस्टल, दो तमंचे और बाइक मिली है। रोज तमंचे लेकर बाजार में घूमते थे चारों
वसूली के लिए चारों बदमाश माधवपुरम के बाजार में तमंचों से लैस होकर घूमते थे। कई बार दुकानदारों के साथ मारपीट भी कर चुके थे। एसपी सिटी ने बताया कि चारों का आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। इनसे जुड़े अन्य युवकों की भी पड़ताल की जा रही है।