शास्त्रीनगर के ब्लाक में होगी नियमित सफाई, डोर टू डोर उठेगा कूड़ा
दैनिक जागरण के स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ अभियान के तहत मंगलवार को वार्ड 63 अंतर्गत न्यू के-ब्लाक शास्त्रीनगर में सफाई कराई गई। अभियान में पहुंचे सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने जनता की समस्याएं सुनीं। नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्ड में भ्रमण करें।
मेरठ, जेएनएन। दैनिक जागरण के 'स्वच्छ मेरठ स्वस्थ मेरठ' अभियान के तहत मंगलवार को वार्ड 63 अंतर्गत न्यू के-ब्लाक शास्त्रीनगर में सफाई कराई गई। अभियान में पहुंचे सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने जनता की समस्याएं सुनीं। नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्ड में भ्रमण करें। जनता से कहा कि सफाई व्यवस्था में सुधार करें। नियमित सफाई और डोर टू डोर कूड़ा समय से उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
विशेष सफाई अभियान की शुरुआत सुबह नौ बजे न्यू के ब्लाक शास्त्रीनगर के गौरी प्ले स्कूल के पास से हुई। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक बिट्टू सिंह, सुरेश चंद्र सहित सफाई नायक के नेतृत्व में निगम के सफाई अमले ने सड़क पर झाड़ू लगाई। पार्क व सड़क किनारे पड़े कूढ़े के ढेर हटाए। धनतेरस के पर्व पर रंग और चूने का छिड़काव किया। अभियान में सांसद राजेंद्र अग्रवाल और सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह पहुंचे। सांसद ने क्षेत्रीय पार्षद अनुज वशिष्ठ, पार्षद पति जगपाल और नरेंद्र राष्ट्रवादी के साथ न्यू के ब्लाक का भ्रमण किया। अंदर की गलियों से होते हुए मजदूर चौराहे तक घूमे। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों से समस्याएं जानी। लोगों ने सफाई न होने की मुख्य समस्या बताई। कहा कि कई-कई दिन बाद सड़क पर झाड़ू लगती है। कूड़ा गाड़ी कभी-कभी आती है।
ये समस्याएं भी आईं सामने
- वार्ड 63 में सीवर लाइन चोक होती रहती है। जिसकी विधिवत सफाई कराने की आवश्यकता है।
- शास्त्रीनगर के ब्लाक और एल ब्लाक में जलभराव होता है। जलनिकासी की व्यवस्था ठीक नहीं है।
- बेसहारा पशु बड़ी संख्या में कालोनी के अंदर की सड़कों पर बैठे रहते हैं। जिससे परेशानी होती है।
- वार्ड की कुछ सड़कें टूट गई हैं। कुछ की इंटरलाकिग काफी पुरानी है। इनके निर्माण की जरूरत है।
---
लोगों की परेशानी, उन्हीं की जुबानी
-वार्ड 63 में सफाई कर्मी बहुत कम है। आबादी के हिसाब से कम से कम 90 सफाई कर्मियों की जरूरत है। लेकिन वर्तमान में 30 है। इससे सफाई प्रभावित है। नगर निगम को सफाई कर्मचारी बढ़ाने चाहिए।
प्रदीप शर्मा
---
शास्त्रीनगर में ढलावघर न होने से कूड़ा फेंकने के लिए हाथ ठेला चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। तीन से चार किमी दूर हाथ ठेला खाली करने जाना पड़ता है। इससे कूड़ा समय से नहीं उठ पाता है। इस व्यवस्था में सुधार किया जाना चाहिए।
चौधरी महिपाल
---
समस्याएं कोई बड़ी नहीं है। छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए लोग परेशान होते हैं। नगर निगम अधिकारियों को वार्ड भ्रमण प्रतिदिन सुबह करना चाहिए। इससे सफाई भी सुधरेगी और समस्याएं भी दूर होंगी।
जय भगवान वर्मा
---
सहायक नगर आयुक्त को शास्त्रीनगर न्यू के ब्लाक वार्ड 63 में सफाई व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए हैं। शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए नगर निगम अधिकारियों को काफी मेहनत करने की जरूरत है। सुबह वार्ड भ्रमण करना जरूरी है। जनता और अधिकारियों के बीच संवाद होने से समस्याएं हल होंगी। पार्षदों के प्रस्तावों पर भी निगम अधिकारियों को प्राथमिकता से काम करने की जरूरत है।
राजेंद्र अग्रवाल, सांसद
---
वार्ड 63 की जो भी समस्याएं सामने आई हैं, उन्हें दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए आउटसोर्स एजेंसी तय करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था दुरुस्त होगी।
ब्रजपाल सिंह, सहायक नगर आयुक्त