डाक्टर की कनपटी पर पिस्टल लगा साथी को छुड़ा ले गए बदमाश
शास्त्रीनगर के सेक्टर नौ में डाक्टर के खाली घर का ताला तोड़कर बदमाश अंदर घुसे हुए थे। क्लीनिक से घर पहुंचे डाक्टर ने एक बदमाश को दबोच लिया।
मेरठ, जेएनएन : शास्त्रीनगर के सेक्टर नौ में डाक्टर के खाली घर का ताला तोड़कर बदमाश अंदर घुसे हुए थे। क्लीनिक से घर पहुंचे डाक्टर ने एक बदमाश को दबोच लिया। बदमाश के दूसरे साथी ने डाक्टर की कनपटी पर तमंचा लगाया और अपने साथी को छुड़ा ले गया। बदमाशों के चले जाने के बाद डाक्टर ने शोर मचाया। आसपास के लोगों की भीड़ और पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्र में कांबिंग कर बदमाशों की तलाश की गई।
नौचंदी के शास्त्रीनगर सेक्टर नौ में डाक्टर मोहम्मद वसीम रहते हैं। उनका रेलवे रोड स्थित जैन नगर में क्लीनिक है। डाक्टर की पत्नी बिजनौर में अपने मायके गई हुई थी। शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे डाक्टर क्लीनिक से घर पहुंचे। उस समय बदमाश मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर चोरी कर रहे थे। डाक्टर घर के अंदर दूसरे दरवाजे से पहुंचे। उन्होंने एक बदमाश को दबोच लिया। बदमाश के दूसरे साथी ने डाक्टर की कनपटी पर पीछे से तमंचा लगा दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश अपने साथी को छुड़ाकर ले गया। दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग गए।
बदहवास हो गए थे डाक्टर : तमंचा लगने के बाद डाक्टर बदहवास हो गए थे। बदमाशों के चले जाने के कुछ समय बाद ही घर से बाहर निकलकर आसपास के लोगों को मामले की जानकारी दी। उसके बाद घर के अंदर देखा गया कि बदमाश बीस हजार की नकदी और लाखों की कीमत की ज्वैलरी लेकर चले गए। डाक्टर के शोर मचाने पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी सिटी ने आसपास एरिया में कांबिंग कर बदमाशों की धरपकड़ के आदेश दिए। उसके बावजूद भी बदमाशों की कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
टोपी खोलेगी बदमाशों का राज : भागते बदमाशों की टोपी मौके पर ही गिर गई। पुलिस ने टोपी को अपने कब्जे में ले लिया है। टोपी देखकर अंदाजा लगाया गया कि बदमाश लिसाड़ीगेट एरिया के रहने वाले है। पुलिस की एक टीम लिसाड़ीगेट के बदमाशों पर फोकस कर रही है।
वर्जन..
बदमाश डाक्टर के घर में चोरी कर रहे थे। अचानक ही डाक्टर आ गए। उन्हें देखकर बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस की टीम लगाकर बदमाशों की जानकारी जुटाकर घेराबंदी की जा रही है।
अखिलेश नारायण सिंह, एसपी सिटी