राशन वितरण में नहीं सुधरा शारीरिक दूरी का नियम
सार्वजनिक राशन वितरण प्रणाली के तहत लॉकडाउन में भी राशन वितरण किया गया।
मेरठ ,जेएनएन। सार्वजनिक राशन वितरण प्रणाली के तहत लॉकडाउन में भी राशन वितरण किया गया। हालांकि इसमें शारीरिक दूरी के आवश्यक नियम का पालन नहीं हो पाया। बुधवार को भी इस नियम की धज्जियां उड़ी थीं। वहीं कुछ लोगों ने यह भी शिकायत की कि दो बजे के बाद राशन डीलर ने दुकान बंद कर दी।
लक्खीपुरा गली नंबर 18 की एजेंसी एक बजे ही बंद कर दी गई। अहमदनगर गली नंबर 13, श्याम नगर व अहमद नगर गली नंबर छह स्थित एजेंसी दो बजे बंद कर दी गई।
हरिका पुल स्थित एजेंसी पर लोगों ने हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि अपने जान पहचान वाले को पहले राशन दे रहे हैं। महिलाओं ने बदसलूकी करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। करीमनगर में स्थित राशन की दुकान पर दागी कोटेदार मनमानी करके उपभोक्ताओं को सिर्फ गेहूं देकर टरका रहा है। उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। जिला पूर्ति अधिकारी से शिकायत की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि कई स्थानों से दो बजे दुकान बंद होने की शिकायत मिली थी। इनकी जांच कराई गई है। उस समय डीलर ने भोजन के लिए बंद किया था। आधा घंटे बाद फिर से वितरण शुरू हो गया था। वहीं शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए गोले बनवाए गए हैं। उसका पालन सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जा रहा है। डीएम ने भी किया निरीक्षण
डीएम अनिल ढींगरा ने भी गुरुवार को राशन वितरण का निरीक्षण किया। वहीं एडीएम सिटी, जिला पूर्ति अधिकारी, बीडीओ ने भी विभिन्न स्थानों पर जांच की।