महिला सिपाही से टेंपो चालक ने की अभद्रता
शोहदों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि सामान्य महिलाओं को तो छोड़िए वे पुलिसकर्मी को भी नहीं बख्श रहे।
मेरठ, जेएनएन। शोहदों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि सामान्य महिलाओं को तो छोड़िए, वे पुलिसकर्मी को भी नहीं बख्श रहे। बुधवार को महिला पुलिसकर्मी से टेंपो चालक ने अभद्रता कर दी। चालक के साथ एक युवक और था। महिला सिपाही ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों भाग गए। पुलिस ने टेंपो को सीज कर दिया।
बुधवार दोपहर महिला पुलिसकर्मी हापुड़ अड्डा चौराहे पर ड्यूटी कर रही थी। इस दौरान बड़ी संख्या में टेंपो एकत्र हो गए तो वह हटाने के लिए पहुंच गई। उसने चालक से टेंपो हटाने के लिए कहा तो उसने अनसुना कर दिया। दोबारा कहने पर चालक ने अभद्रता कर दी। चालक के साथी ने भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया। महिला सिपाही ने कंट्रोल रूम को भी सूचना दी, लेकिन आरोपित हाथ नहीं आए। करीब एक घंटे बाद चालक फिर से टेंपो लेकर चौराहे के पास पहुंच गया। सिपाही उसे पकड़ने के लिए दौड़ी, तो वह टेंपो छोड़कर भाग गया। ट्रैफिक इंस्पेक्टर बसंत सिंह अधिकारी ने बताया कि सिपाही ने चालक को टेंपो हटाने के लिए बोला था। उसके पास कागजात भी नहीं थे। टेंपो को सीज कर दिया गया। महिला सिपाही ने टेंपो चालक के खिलाफ तहरीर तक नहीं दी। शिकायत न होने से आरोपित का दुस्साहस और बढ़ सकता है।
लेनदेन को लेकर भाइयों में मारपीट, चले लाठी-डंडे : कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव सिघावली निवासी इमरान पुत्र रियासत ने अपने बड़े भाई आरिफ और तीन भतीजों पर मारपीट का आरोप लगाया है। इमरान का आरोप है कि आरिफ ने उसके खेत की मिट्टी बेच दी। बुधवार को इमरान ने बड़े भाई से मिट्टी बेचने के रुपये मांगे तो आरोपित आरिफ और उसके तीन बेटे सुहैल, अंश और जैद ने मिलकर उसको लाठी-डंडों से पीटा। इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर का कहना है कि तहरीर मिल गई है। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।