Move to Jagran APP

मौसम ने ओढ़ी सर्दी की चादर, दशक बाद इतना कम तापमान

हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मेरठ में ठंड ने दस्तक दे दी है। एक दशक बाद 22 अक्टूबर को इतना कम तापमान दर्ज किया गया।

By Ashu SinghEdited By: Published: Tue, 23 Oct 2018 04:57 PM (IST)Updated: Tue, 23 Oct 2018 04:57 PM (IST)
मौसम ने ओढ़ी सर्दी की चादर, दशक बाद इतना कम तापमान
मौसम ने ओढ़ी सर्दी की चादर, दशक बाद इतना कम तापमान
मेरठ (ओम बाजपेयी)। बूंदाबांदी के बाद जनपद में ठंड ने दस्तक दे दी है। रविवार की पूरी रात मौसम पर सर्दी की चादर छायी रही, सोमवार को दिन में भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री पर टिका रहा। पिछले सालों के तापमान पर नजर डालें तो लगभग एक दशक में पहली बार 22 अक्टूबर में पारा इतना नीचे गिरा है।
बच्चे पहन रहे गर्म कपड़े
मौसम में आए बदलाव से सोमवार सुबह बच्चे गर्म कपड़े पहनकर स्कूल जाते नजर आए। दोपहर में चटक धूप खिली रही, लेकिन गर्मी महसूस नहीं हुई। हवा में नमी नहीं रही। पश्चिम विक्षोभ शांत होने से पर्वतीय क्षेत्रों से चलने वाली हवाओं का रुख पश्चिम उत्तर प्रदेश के मैदानी भाग की ओर है। चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार की इन हवाओं का मिजाज शुष्क ठंडा है। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह दोनो तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रहे।
हवा में नमी बहुत कम
मौसम विशेषज्ञ डा. यूपी शाही के अनुसार उत्तर पश्चिमी हवाओं में नमी बहुत कम है सुबह 11:30 बजे नमी का प्रतिशत 44 रहा। ऐसे में रात में ठंड और बढ़ेगी।

ऐसी सर्दी लंबे समय बाद
पिछले साल 2017 को 22 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस था। जाहिर है दिन में गर्मी और रात में मौसम ठंड नहीं रही होगी। कुछ ऐसा ही मौसम 2016 को भी था। लेकिन इस बार अधिकतम और न्यूनतम तापमान पिछले 10 सालों में सबसे कम हैं। जिससे ऐसा लग रहा है कि मानो ठंड समय से पहले आ गई है। कृषि प्रणाली संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष बताया कि जलवायु परिवर्तन के चलते गर्मी में अत्यधिक गर्मी, बारिश में अत्यधिक बारिश जैसा मौसम देखने को मिल रहा है। सर्दी के मौसम में भी ऐसा ही देखने को मिल सकता है।
स्कूलों ने शुरू किया समय बदलना
मौसम बदलने के साथ ही स्कूलों ने भी खुलने और बंद होने का समय परिवर्तन शुरू कर दिया है। कुछ स्कूलों में समय बदल गया है जबकि कुछ में एक नवंबर या फिर दीपावली के बाद से समय में बदलाव किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालयों में मंगलवार से ही समय बदल रहा है। मंगलवार को स्कूल खुलने के साथ ही केंद्रीय विद्यालय सुबह 8:15 बजे से दोपहर 2:40 बजे तक चलेंगे। दीवान पब्लिक स्कूल में छमाही परीक्षा के लिए सोमवार से ही समय सुबह 7:45 बजे से सुबह 11:40 बजे तक कर दिया गया है। एक नवंबर से स्कूल का समय 7:45 से दोपहर 1:45 बजे तक हो जाएगा। गार्गी गल्र्स स्कूल में सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक है जिसे दीपावली के बाद साढ़े आठ बजे से दोपहर दो बजे तक किया जाएगा। सिटी वोकेशनल में ही आधा घंटा समय बढ़ाकर आठ से दो बजे तक कर दिया गया है। बीडीएस इंटरनेशनल स्कूल में 29 अक्टूबर से स्कूल का समय सुबह आठ बजे से दोपहर 1:50 बजे तक हो जाएगा। दयावती मोदी एकेडमी का समय 45 मिनट बढ़ाकर सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक कर दिया गया है। आर्मी पब्लिक स्कूल का समय 7:45 से दोपहर दो बजे तक है। राधा गोविंद पब्लिक स्कूल का एक नवंबर से आधे घंटे बढ़ाकर सुबह 8:30 बजे से 2:30 बजे तक कर दिया गया है। शांति निकेतन विद्यापीठ में भी एक नवंबर से स्कूल का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक हो जाएगा।
पिछले सालों का 22 अक्टूबर का तापमान
वर्ष       अधि.      न्यून.
2018    30.0    14.4
2017    35.0    16.5
2016    34.5    17.6
2015    32.2    18.8
2014    32.5    17.1
2013    31.3    16.3
2012    31.5    14.7
2011    31.8    15.3
2010    31.2    19.3

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.