कालगर्ल बताकर फेसबुक पर पत्नी के फोटो किए अपलोड, पति गिरफ्तार
मुंडाली थाना क्षेत्र में कालगर्ल बताकर पत्नी के फोटो फेसबुक पर अपलोड कर दिए। साथ ही महिला का फोन नंबर तक लिख दिया। महिला के पास मोबाइल पर काल आने के बाद मामले की जानकारी मिली।
मेरठ, जेएनएन। मुंडाली थाना क्षेत्र में कालगर्ल बताकर पत्नी के फोटो फेसबुक पर अपलोड कर दिए। साथ ही महिला का फोन नंबर तक लिख दिया। महिला के पास मोबाइल पर काल आने के बाद मामले की जानकारी मिली। उसके बाद पीड़िता ने मुंडाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपित पति को घर से ही गिरफ्तार लिया है।
मुंडाली थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी 2016 में एक गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के तीन साल बाद घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर दंपती में विवाद हो गया। 2019 में महिला पति को छोड़कर ससुराल से अपने मायके जाकर रहने लगी। इसी बीच पति ने महिला के फोटो फेसबुक पर अपलोड कर दिए। उसके बाद महिला ने एसएसपी से लेकर थाने तक शिकायत की। शुक्रवार को महिला की तहरीर पर आरोपित पति खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। एसओ रवि चंद्रवाल ने बताया कि आरोपित पति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने ही महिला की फोटो फेसबुक पर डालकर अश्लील शब्दों का प्रयोग किया है।
कहासुनी पर की मारपीट : सरधना थाना क्षेत्र के दबथुवा में गुरुवार रात मामूली कहासुनी पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दबथुवा निवासी विकास व सोनू पुत्र जश्वीर कश्यप का आरोप है कि मामूली कहासुनी पर गुरुवार रात गांव निवासी रविद्र व निक्की से झगड़ा हो गया था। इस दौरान आरोपितों ने मारपीट कर दी थी। शोर-शराबा होने पर गणमान्यों ने समझा बुझाकर मामला शांत कर दिया था। आरोप है कि शुक्रवार को आरोपित फिर से झगड़ने लगे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपितों को थाने ले आई थी और चालान कर दिया।