होमगार्ड की बेटी से छेड़छाड़, एक को धुना
रविवार रात ड्यूटी से लौट रही युवती से दो युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। शोर मचाने एक आरोपित भाग गया।
मेरठ, जेएनएन। रविवार रात ड्यूटी से लौट रही युवती से दो युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। शोर मचाने एक आरोपित भाग गया। स्वजनों ने उसके दोस्त को दबोच लिया और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
टीपीनगर थाना क्षेत्र निवासी होमगार्ड की बेटी गढ़ रोड पर नौकरी करती है। कई दिनों से एक युवक उसका पीछा कर रहा है। रास्ते में छेड़छाड़ करता है। इसकी जानकारी उसने स्वजनों को दी थी। रविवार रात वह काम से लौट रही थी। बागपत रोड पर पहुंचते ही आरोपित अपने दोस्त के साथ पहुंच गया और युवती का पीछा करने लगा। पहले से मौजूद युवती के स्वजनों ने आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भाग गया। उसका दोस्त हाथ आ गया। उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दे दी है। थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को दबोच लिया जाएगा।
वहीं, रविवार शाम के समय भगत सिंह मार्केट में महिला खरीदारी करने के लिए आई थी। इस दौरान एक दुकान पर काम करने वाले युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। महिला ने आरोपित की पिटाई कर दी। इस पर बाजार में हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि कोई तहरीर नहीं आई है। पुलिस अपनी ओर से कार्रवाई कर रही है।
मिस काल से प्यार, अब तकरार
परतापुर थाना क्षेत्र निवासी युवती की करीब दो साल पहले मेडिकल थाना क्षेत्र निवासी युवक से मिस काल के बाद दोस्ती हुई थी। एक साल से दोनों बिना शादी के ही साथ रह रहे थे। कुछ दिनों से उनमें विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि कई बार मारपीट तक हो चुकी है। युवती ने अब परतापुर थाने में आरोपित के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। वहीं, कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी युवती ने दो साल पहले लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी युवक से प्रेम विवाह किया था। करीब दो माह से उनमे विवाद चल रहा है। रविवार रात युवक ने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दे दी।