हरियाणा का तांत्रिक सहारनपुर की महिला को ब्लैकमेल कर मांग रहा नौ लाख
सहारनपुर की एक कालोनी की रहने वाली महिला को पानीपत हरियाणा का एक तांत्रिक परेशान कर रहा है। महिला ने एसएसपी को ट्वीट कर तांत्रिक की शिकायत की। जनकपुरी पुलिस को एसएसपी ने महिला के घर भेजा ।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। जनकपुरी थानाक्षेत्र की एक कालोनी की रहने वाली महिला को पानीपत हरियाणा का एक तांत्रिक परेशान कर रहा है। वह ब्लैकमेल कर महिला से नौ लाख रुपये की मांग कर रहा है। पूर्व में महिला ने तांत्रिक से अपना उपचार कराया था। जिस कारण आरोपित उसके संपर्क में आया है। धमकी दे रहा है कि यदि उसे रुपये नहीं दिए तो वह पूरे परिवार की हत्या कर देगा।
यह है मामला
जनकपुरी थानाक्षेत्र की नानकपुरम कालोनी निवासी महिला ने बताया कि कुछ साल पहले उसे एक बीमारी हो गई थी। जिसके बाद उसने पहल डाक्टरों से उपचार कराया, लेकिन बाद में पानीपत के एक तांत्रिक से उपचार कराया। इस दौरान महिला ठीक हो गई थी। जिसके बाद तांत्रिक का महिला के घर पर आना जाना हो गया। अब महिला ने एसएसपी आकाश तोमर को ट्वीट कर जानकारी दी है कि तांत्रिक उसे परेशान कर रहा है और रुपये मांग कर रहा है। नहीं देने पर धमकी दे रहा है कि वह महिला उसके पति और बच्चों की हत्या कर देगा। जिससे महिला का पूरा परिवार डरा हुआ है।
हालांकि महिला ने पुलिस को यह नही बताया कि किस वजह से वह ब्लैकमेल कर रहा है। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि महिला का ट्वीट मिला था। जिसके बाद उन्होंने जनकपुरी थाना पुलिस को महिला के घर भेजकर पूरे मामले की जांच कराई है। महिला ने अभी लिखित में तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद आरोपित तांत्रिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।