स्वामी यतींद्रानंद गिरी महाराज ने कहा, करोड़ों भक्तों के सहयोग से बन रहा है राम मंदिर, पाई-पाई के खर्च का हिसाब हो सार्वजनिक
पीठाधीश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी महाराज ने कहा कि राम मंदिर के लिए क्रय की गई भूमि के कथित घोटाले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी को ट्रस्ट से बाहर करना चाहिए। राम मंदिर करोड़ों भक्तों के सहयोग से बन रहा है।
मेरठ, जेएनएन। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर और जीवनदीप पीठाधीश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी महाराज ने कहा है कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के लिए क्रय की गई भूमि से जुड़े आरोपों की उच्चस्तरीय जांच हो। इससे सच सबके सामने आ सकेगा। राम मंदिर करोड़ों भक्तों के सहयोग से बन रहा है। इसका हिसाब भी सार्वजनिक किया जाए ताकि किसी को आरोप लगाने का मौका न मिले।
सोमवार को ब्रजघाट जाते समय मेरठ में भारतीय जनता महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पूजा बंसल के आवास पर उन्होंने मीडिया कॢमयों से कहा कि प्रधानमंत्री ने लाल किले से जनसंख्या नियंत्रण कानून लाने की बात कही थी। उसे अविलंब लागू करना चाहिए।
कोरोना काल में आक्सीजन और अस्पतालों में बेड की किल्लत बढ़ती जनसंख्या का परिणाम है। सभी धर्मों के लोगों के लिए समान जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू होना चाहिए। कानून का पालन न करने वालों के लिए दंड की व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र में दो कानून नहीं चल सकते।