पुराने साथी ने ही लगाया मायावती पर सहारनपुर हिंसा भड़काने का आरोप
उन्होंने मायावती पर विशेष रूप से निशाना साधा, कहा कि उनके निकम्मेपन की वजह से भीम सेना का गठन हुआ।
मेरठ (जागरण संवाददाता)। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सहारनपुर जातीय संघर्ष के लिए बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस पर हमला बोला है। कहा कि कांग्रेस का नाम फंडिंग में आ रहा है, जबकि राजनीतिक लाभ के लिए मायावती ने उन्हें भड़काया। दावा किया कि जांच में कई बड़े तथ्य सामने आ रहे हैं, जिस पर योगी सरकार सख्त है।
रविवार को मुजफ्फरनगर से लौटते वक्त प्रदेश के श्रम एवं योजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य पूर्व विधायक हरपाल सैनी के घर पहुंचे थे। दैनिक जागरण के साथ वार्ता में उन्होंने कहा कि योगी सरकार के ताबड़तोड़ निर्णयों एवं लोकप्रियता से घबराकर मायावती, सपा एवं कांग्रेस ने सहारनपुर प्रकरण को भड़काया।
उन्होंने मायावती पर विशेष रूप से निशाना साधा। कहा कि उनके निकम्मेपन की वजह से भीम सेना का गठन हुआ। भीम सेना मायावती के लिए बड़ी चुनौती बन गई, और इसी खीझ में उन्होंने दौरा कर चिंगारी को हवा दी। बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कहा कि सभी घटनाओं में दोषियों को तत्काल पकड़ लिया गया।
यह भी पढ़ें: मेरठ में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं पर मुकदमा
बाल श्रम पर सख्त है सरकार: श्रम एवं योजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि बाल श्रमिकों के लिए नए सिरे से ताबड़तोड़ अभियान चलेगा। गत दिनों अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों पर प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई। श्रमिकों तक कल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने का प्रयास है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सभी शहरों के लेबर चौराहों पर अधिकारी कैंप करेंगे, जिससे उनका पंजीयन किया जा सके। इससे श्रमिक तमाम कल्याणकारी योजनाओं के दायरे में आ जाएंगे।
यह भी पढ़ें: कानपुर में कांग्रेसियों ने फूंका अमित शाह का पुतला