सूर्य सप्तमी पर 50 स्थानों पर होगा सूर्य नमस्कार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अनुषागिक इकाई क्रीड़ा भारती की स्थानीय कार्यकारिणी सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता आयोजित होगी।
मेरठ, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अनुषागिक इकाई क्रीड़ा भारती की स्थानीय कार्यकारिणी सूर्य सप्तमी पर सूर्य नमस्कार प्रतियोगिता का आयोजन करेगी। 19 फरवरी को सूर्य सप्तमी है। इसमें 50 से अधिक स्थानों पर सूर्य नमस्कार किया जाएगा। क्रीड़ा भारती की जिला कार्यकारिणी के मीडिया प्रभारी चरण सिंह स्वामी ने बताया कि संघ की शाखाओं समेत विद्यालयों व क्रीड़ा भारती के सदस्यों और खेल कोचों के द्वारा अलग-अलग स्थानों पर सूर्य नमस्कार किया जाएगा। इसमें करीब 21 हजार से अधिक लोगों द्वारा सूर्य नमस्कार किए जाने की योजना बनाई है। उन्होंने बताया कि खेल कोच व कार्यकारिणी के सदस्यों के बीच समन्वय स्थापित करने को लेकर पिछले सोमवार को बैठक कर योजना तैयार कर ली गई है।
संपूर्णता की ओर प्रांत में निधि समर्पण अभियान : अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर लोगों की धार्मिक भावनाओं व योगदान को सहेजने के लिए प्रांत में चल रहा अभियान संपूर्णता की ओर है। मेरठ प्रात अभियान समिति ने 15 से 31 जनवरी तक का समय निर्धारित किया था। अब हर परिवार तक पहुंचने के उद्देश्य से समिति ने पांच फरवरी तक अभियान को बढ़ा दिया है। प्रात अभियान प्रमुख राजकुमार डूंगर ने बताया कि प्रात में करीब-करीब सभी क्षेत्रों में अभियान पहुंचा। अगर जरूरत पड़ी तो समय सीमा बढ़ाई भी जा सकती है। पांच फरवरी तक विशेष अभियान के तहत टोलियां संपर्क कर रही हैं। अभियान के महानगर प्रचार प्रमुख व विहिप महानगर मंत्री निमेश वशिष्ठ ने बताया कि बढ़ी हुई अवधि में सेवा बस्तियों की ओर रुख किया जाएगा।
चीनी मिल ने गन्ना भुगतान भेजा : मवाना चीनी मिल प्रबंधन ने चालू पेराई सत्र में 18 नवंबर से 22 नवंबर तक का गन्ना मूल्य भुगतान एडवाइज सीट समेत संबंधित समितियों को भेज दिया है।
उक्त जानकारी देते हुए चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक एवं प्रशासनिक अधिकारी प्रमोद बालियान ने बताया कि मवाना चीनी मिल इस वर्ष 2 फरवरी तक 100.39 लाख कुंतल गन्ने की पेराई कर चुकी है जो कि पिछले वर्ष से 8.68 लाख कुंतल अधिक है। मिल चालू वर्ष में 22 नवंबर तक का भुगतान कर चुकी है।