विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुधांशु महाराज का विद्यार्थियों को संदेश: 'मुश्किल में डालने वाला नहीं, जो गलत आदतों से दूर रखे वही सच्चा दोस्त'

By Vinay Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 13 Mar 2026 05:47 PM (IST)

Sudhanshu Maharaj in Meerut : मेरठ में सुधांशु महाराज ने छात्रों को सच्ची दोस्ती, आत्म-निर्भरता और अनुशासन का महत्व समझाया। ...और पढ़ें

सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव में प्रवचन करते सुधांशु महाराज, मौजूद विद्यार्थी।

सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव में प्रवचन करते सुधांशु महाराज, मौजूद विद्यार्थी।

HighLights

  1. मेरठ में सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव का दूसरा दिन।

  2. विद्यार्थी, शिक्षकगण व अभिभावकों को किया संबोधित।

जागरण संवाददाता, मेरठ। छात्र जीवन में दोस्त बहुत मिलते हैं, लेकिन जो दोस्त बुरी आदत लगाए, उससे दूर हो जाना चाहिए, वह वास्तविक दोस्त नहीं है। अच्छा और वास्तविक दोस्त वही है, जो बुराई और गलत आदतों से दूर रखे। जीवन को मुश्किल में डालने वाला दोस्त नहीं हो सकता। जीवन की मित्रता सार्थक होनी चाहिए।

इस दुनिया में केवल माता-पिता ऐसे हैं, जो अपनी संतान की सफलता पर सर्वाधिक हर्षित होते हैं। द्रोणाचार्य अपने पुत्र अश्वत्थामा को सब कुछ देना चाहते थे, लेकिन अर्जुन ने सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर बनकर सुपात्र शिष्य बनने का सौभाग्य प्राप्त किया।

यह उद्बोधन साकेत स्थित आइटीआइ के मैदान में विश्व जागृति मिशन द्वारा आयोजित चार दिवसीय सनातन संस्कृति जागरण महोत्सव में दूसरे दिन के प्रात:कालीन सत्र में सुधांशु महाराज ने विद्यार्थियों को दिया। शुक्रवार के प्रात:कालीन सत्र में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, शिक्षकगण व अभिभावक बुलाए गए।

हाथ फैलाकर नहीं, योग्यता के सहारे प्राप्त करें सफलता 

सुधांशु महाराज ने कहा कि तुम्हारा धन कोई भी चुरा सकता है, लेकिन विद्या कोई नहीं। विद्या जीवन में सब कुछ देगी, बस इसका आदर करना होगा। पक्षी डाल के भरोसे नहीं बैठता, वह अपने पंखों के भरोसे बैठता है। हमें अपनी योग्यता के सहारे आगे बढ़कर जीवन में सफलता प्राप्त करनी होती है, न कि किसी के आगे हाथ फैलाकर।

जीवन में जीतता वही है, जिसने मन में जीत की ठान ली है। जिन विद्यार्थी के जीवन में अनुशासन है, वह अपने जीवन को कीमती बनाते हैं। इससे पहले 11 कुंडीय वैभव लक्ष्मी यज्ञ में सुधांशु महाराज के पावन सानिध्य में 251 यजुर्वेद के मंत्रों से आहुति समर्पित की गई। मुख्य यजमान वरुण अग्रवाल, स्वागत अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता, यजमान राहुल गुप्ता व अरुण अग्रवाल, मुख्य संयोजक मनोज शास्त्री, डा. रामकुमार गुप्ता, ज्ञानेंद्र अग्रवाल, प्रवीण गुप्ता, आलोक कुमार गौतम, आशीष अग्रवाल व अन्य का विशेष सहयोग रहा।

स्मार्ट फोन की तरह जीवन को करें अपडेट : डा. अर्चिका दीदी

a5

ध्यान गुरु डा. अर्चिका दीदी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन के नैतिक मूल्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जीवन में प्रत्येक व्यक्ति सर्वश्रेष्ठ बनना चाहता है। यह हर किसी का अधिकार भी है। डाक्टर से लेकर बाजार में कोई भी चीज खरीदनी हो तो व्यक्ति सर्वश्रेष्ठ ही तलाश करता है। इसी तरह अपने जीवन में भी सर्वश्रेष्ठ करना चाहिए। मोबाइल की तरह अपने जीवन को भी अपडेट करते हुए चलें।

अपने मस्तिष्क, काम व जीवन को सदा अपडेट करते रहें। सोशल मीडिया से विद्यार्थियों को दूर रहने की सलाह दी। डा. अर्चिका ने कहा कि इंटरनेट मीडिया के कारण बच्चों के मन-मस्तिष्क में भटकाव रहने लगा है। हाथ में स्मार्ट फोन दिए बिना बच्चे खाना तक नहीं खा पाते हैं। तकनीक का सदुपयोग करना चाहिए। अभिभावकों व शिक्षकों से आह्वान किया कि बच्चों को देश के क्रांतिकारियों, महापुरूषों व अपने धर्म के बारे में बताएं.

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।