Move to Jagran APP

बाइक रैली का ऐसा इंतजाम..दिनभर रहा सारा शहर जाम

शनिवार को एक बार फिर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ गई। चप्पे-चप्पे पर भीषण जाम के चलते लोग बेहाल हो गए। भाजपा की विजय संकल्प बाइक रैली के मद्देनजर कई मार्गो को तो वन-वे करना पड़ा।

By JagranEdited By: Published: Sun, 03 Mar 2019 05:00 AM (IST)Updated: Sun, 03 Mar 2019 05:00 AM (IST)
बाइक रैली का ऐसा इंतजाम..दिनभर रहा सारा शहर जाम
बाइक रैली का ऐसा इंतजाम..दिनभर रहा सारा शहर जाम

मेरठ । शनिवार को एक बार फिर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ गई। चप्पे-चप्पे पर भीषण जाम के चलते लोग बेहाल हो गए। भाजपा की विजय संकल्प बाइक रैली के मद्देनजर कई मार्गो को तो वन-वे करना पड़ा। यातायात पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

loksabha election banner

शनिवार को तीन विधानसभा की रैली शुरू होते ही यातायात व्यवस्था चरमराने लगी थी। इसके बाद तो रैली जहां से भी गुजरी वहां पर जाम लगता चला गया। स्थिति इतनी विकट हुई कि मुख्य मार्ग तो क्या, गलियां तक जाम हो गई। स्कूली बच्चे वाहनों में कैद होकर रह गए।

उड़ता रहा नियमों का मखौल

भाजपाइयों ने नियमों को ठेंगे पर रखा। एक-एक बाइक पर तीन-तीन लोग बैठे नजर आए। कुछ को छोड़कर किसी ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। स्टंटबाजी भी खूब हुई। कई बाइक पर तो नंबर भी नहीं थे। इतना कुछ होने पर भी यातायात पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

इन जगहों पर बिगड़े हालात

दक्षिण विधानसभा : रैली राष्ट्रोदय चौक जागृति विहार से कालिया गढ़ी, गढ़ रोड, तेजगढ़ी चौराहा, शास्त्रीनगर, पीवीएस मॉल, एल-ब्लॉक, माधवपुरम आदि जगहों से चलकर शॉपरिक्स मॉल पर सम्पन्न हुई। इन मार्गो पर हालात बेकाबू रहे। यहां टीआई बसंत अधिकारी व उनकी टीम ने किसी तरह व्यवस्था बनाने का प्रयास किया। फिर भी हालात खराब ही रहे।

कैंट विधानसभा : सदर थाने के सामने से रैली सदर सर्राफा बाजार होते हुए शिव चौक, आबूलेन से बेगमपुल चौराहे से बच्चा पार्क, लालकुर्ती, टैंक चौराहे से माल रोड आदि स्थानों से होते हुए बागपत रोड ओवरब्रिज के पास समाप्त हुई। इन जगहों पर जबदस्त जाम रहा। टीएसआइ दीन दयाल दीक्षित ने टीम के साथ रैली के आगे-आगे यातायात रुकवाया और कई जगह वन-वे किया।

शहर विधानसभा : नौचंदी मैदान से शुरू हुई रैली कैलाशपुरी से गांधी आश्रम, नई सड़क, मंगल पांडेय नगर, सूरजकुंड, इंद्रा चौक, बुढ़ाना गेट, खैरनगर, वैली बाजार, ब्रह्मापुरी मुख्य मार्ग, दिल्ली रोड, बच्चा पार्क, जिमखाना मैदान पर समाप्त हुई। इस रैली ने भी व्यवस्था धड़ाम कर दी। टीएसआइ ब्रिजेश कुमार सिंह टीम समेत व्यवस्था देख रहे थे, लेकिन जाम के झाम ने पुलिस के भी पसीने छुड़ा दिए।

रैली से प्रभावित रहे यह मार्ग भी

रैली के कारण जीरो माईल, बेगमपुल, खूनी पुल, अहमद रोड, ब्रह्मापुरी, शारदा रोड, फुटबाल चौक, रेलवे रोड, घंटाघर, जिला अस्पताल मार्ग, बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा, हापुड़ अड्डा, एल-ब्लॉक आदि जगहों पर भीषण जाम रहा। यातायात पुलिस ने पूरा जोर लगा दिया, लेकिन थानों की पुलिस ने कोई पहल नहीं की। इसलिए हालात ज्यादा गंभीर रहे।

इन्होंने कहा

रैली के कारण कुछ जगहों पर यातायात प्रभावित रहा। कहीं बड़ा जाम नहीं लगा। ट्रैफिक पुलिस की पूरी तैयारी थी।

-संजीव कुमार बाजपेयी, एसपी-यातायात

हाईवे पर पुल निर्माण से रूट डायवर्ट, लगा जाम

जासं, मेरठ : हाईवे-58 पर मोदीपुरम-पल्लवपुरम के बीच पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके चलते हाईवे का ट्रैफिक सर्विस रोड पर डायवर्ट है, जिसके चलते दिन-रात जाम की स्थिति बनी रहती है। शनिवार रात को भी भीषण जाम लगा रहा। पल्लवपुरम और मोदीपुरम से वाहनों के निकलने के दौरान लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।

प्रत्येक रविवार और शनिवार को हाईवे पर अन्य दिनों के मुकाबले वाहनों की संख्या दस गुना बढ़ जाती है। इसके चलते दोनों दिन सुबह-शाम जाम के हालात रहते हैं। कुछ दिनों से हाईवे पर फ्लाईओवर, फुट ओवरब्रिज, अंडरपास, सर्विस रोड, नाला निर्माण आदि का कार्य चल रहा है। इसके चलते ही पल्लवपुरम फेज-वन कट के सामने से ट्रैफिक सर्विस रोड पर डायवर्ट कर रखा है। जो वाहन मेरठ से हरिद्वार की ओर जाने के लिए फेज-वन कट के सामने से सर्विस रोड पर चढ़ते हैं, वह पावली कट के सामने से होते हुए एसडीएस ग्लोबल अस्पताल के सामने कट से हाईवे पर पहुंचते हैं। दूसरी ओर, हरिद्वार से मेरठ की ओर आने वाले वाहन फेज-दो के सामने कट से सर्विस रोड पर चढ़ते हैं ओर पल्हैड़ा कट के सामने से होते हुए फेज-वन कट के सामने से हाईवे पर पहुंच रहे हैं। इसके चलते ही शनिवार दिनभर ट्रैफिक धीमी गति से चलता रहा, लेकिन शाम से रात तक राहगीरों को जाम का सामना करना पड़ा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.